Faridabad/Alive News: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रदेशवासियों के लिए घोषित नई वॉटर पॉलिसी के तहत नगर निगम फरीदाबाद द्वारा पानी व सीवर कनेक्शनों को वैध कराने और नए कनेक्शन जारी करने के उद्देश्य से शहर के विभिन्न क्षेत्रों में विशेष कैंप लगाए जा रहे हैं। नगर निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा के दिशा-निर्देशों पर तथा अतिरिक्त आयुक्त सलोनी शर्मा के मार्गदर्शन में गुरुवार को कुल पांच स्थानों पर कैंप आयोजित किए गए।
इन कैंपों में कुल 178 आवेदन प्राप्त हुए। पर्वतीय कॉलोनी बूस्टर पर आयोजित कैंप में सर्वाधिक 95 आवेदन पानी व सीवर कनेक्शन के लिए प्राप्त हुए। नगर निगम द्वारा लगाए गए इन कैंपों से नागरिकों को बड़ी राहत मिल रही है, क्योंकि अब उन्हें निगम कार्यालयों के चक्कर नहीं काटने पड़ रहे और कनेक्शन से संबंधित फाइलें सीधे मौके पर ही जमा हो रही हैं।
अधीक्षण अभियंता ओमवीर सिंह एवं कार्यकारी अभियंता संजीव कुमार ने विभिन्न कैंपों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। पानी व सीवर कनेक्शन लेने पहुंचे सेक्टर-10 निवासी अजय सिंघल ने सरकार और निगम प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कैंपों में कार्य आसान और सुचारू रूप से हो रहा है। वहीं, सेक्टर-7 निवासी अमित कुमार ने इसे सराहनीय पहल बताते हुए कहा कि एक ही स्थान पर फाइल मंजूर हो रही है और कर्मचारियों द्वारा पूरा सहयोग दिया जा रहा है।
नगर निगम प्रशासन के अनुसार, इन कैंपों का उद्देश्य नागरिकों को एक ही स्थान पर पानी व सीवर कनेक्शन से संबंधित समस्याओं के समाधान और वैधीकरण की सुविधा प्रदान करना है, ताकि आमजन को निगम कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
गुरुवार को कैंप बल्लभगढ़ की भाटिया कॉलोनी स्थित शिव मंदिर, सेक्टर-7 वार्ड कार्यालय, ओल्ड फरीदाबाद के अशोका एनक्लेव, पर्वतीय कॉलोनी बूस्टर तथा मुजेसर गांव के सामुदायिक भवन में लगाए गए। निगम प्रशासन ने बताया कि इन स्थानों पर शुक्रवार को भी कैंप लगाए जाएंगे।
सेक्टर-7 वार्ड कार्यालय में आयोजित कैंप के दौरान एसडीओ सुरेंद्र खट्टर, जेई अंकित गोयल, निगम एडवाइजर अनिल मेहता, निगम पीआरओ जोगेंद्र सिंह, रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन के सदस्य रूमा नंबरदार, अजीत नंबरदार, प्रेम मदान सहित क्षेत्र के अनेक लोग उपस्थित रहे।
नगर निगम प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे समय रहते अपने पानी व सीवर कनेक्शन वैध कराएं और निगम द्वारा लगाए जा रहे इन विशेष कैंपों का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।

