March 8, 2026

एसवीएसयू को राष्ट्रीय शिक्षा नीति क्रियान्वयन उत्कृष्टता सम्मान-2025 से किया सम्मानित

Faridabad/Alive News : श्री विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय (एसवीएसयू) ने उपलब्धियों की श्रृंखला में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि जोड़ते हुए राष्ट्रीय स्तर पर अपनी सशक्त पहचान बनाई है। हरियाणा राज्य उच्च शिक्षा परिषद द्वारा विश्वविद्यालय को राष्ट्रीय शिक्षा नीति क्रियान्वयन उत्कृष्टता सम्मान–2025 से सम्मानित किया गया है।

यह सम्मान हरियाणा के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने चंडीगढ़ में आयोजित एक भव्य समारोह में विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रोफेसर दिनेश कुमार को गोल्डन कैटेगरी में प्रदान किया। इस अवसर पर कुलगुरु प्रोफेसर दिनेश कुमार ने इस सम्मान के लिए शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा तथा हरियाणा राज्य उच्च शिक्षा परिषद के अध्यक्ष प्रोफेसर कैलाश चंद्र शर्मा के प्रति आभार व्यक्त किया।

कुलगुरु प्रोफेसर दिनेश कुमार ने बताया कि श्री विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय ने राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी कई प्रतिष्ठित संस्थानों के साथ सहयोग स्थापित किया है। विश्वविद्यालय द्वारा उद्यमिता को प्रोत्साहित करने की दिशा में सिडबी (SIDBI) के सहयोग से सुपर-30 कार्यक्रम का सफल संचालन किया जा रहा है। नवाचार और लीक से हटकर की गई इन पहलों के चलते ही विश्वविद्यालय को यह प्रतिष्ठित सम्मान प्राप्त हुआ है।

उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय विश्वविद्यालय के शिक्षकों, विद्यार्थियों और समस्त कर्मचारियों की कड़ी मेहनत एवं समर्पण को दिया।

इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर विश्वविद्यालय के संस्थापक कुलगुरु डॉ. राज नेहरू, कुलसचिव प्रोफेसर ज्योति राणा, अकादमिक अधिष्ठाता प्रोफेसर विक्रम सिंह, अधिष्ठाता प्रोफेसर आर. एस. राठौड़ तथा ग्रीन टेक्नोलॉजी के चेयरपर्सन प्रोफेसर सुनील गर्ग ने कुलगुरु प्रोफेसर दिनेश कुमार को बधाई देते हुए विश्वविद्यालय के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।