Faridabad/Alive News : फरीदाबाद के पल्ला थाना क्षेत्र में 21 वर्षीय युवक आर्यन कुमार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना सेक्टर-37 थाना क्षेत्र के अंतर्गत हुई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पुलिस का कहना है कि यह सड़क दुर्घटना का मामला है, लेकिन मृतक के परिजनों ने इसे हत्या बताया है।
परिजनों के अनुसार, उसके एक दोस्त ने इशारा कर बुलाया। वह अपने दोस्त के साथ चला गया। देर रात करीब 11 बजे परिवार को पुलिस से सूचना मिली कि आर्यन का एक्सीडेंट हो गया है। जब परिजन अस्पताल पहुंचे तो उन्होंने देखा कि आर्यन के हाथ और कमर पर धारदार हथियार से कटने जैसे गहरे घाव थे। उसके चेहरे और शरीर पर कोई सड़क दुर्घटना जैसे खरोंच के निशान नहीं थे। परिजनों का कहना है कि बाइक पर भी कोई बड़ा नुकसान या स्क्रैच नहीं मिला।
परिवार ने आरोप लगाया कि आर्यन के साथ दो लड़के और दो लड़कियां मौजूद थे, लेकिन सभी ने घटना को लेकर विरोधाभासी बयान दिए और बाद में वहां से चले गए। मृतक युवक के एक दोस्त का नाम ‘लाला’ बताया जा रहा है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। परिजनों ने पुलिस से निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है

