Faridabad/Alive News: 39वें सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय क्राफ्ट मेला–2026 के दौरान भारत के उपराष्ट्रपति के प्रस्तावित दौरे को देखते हुए नगर निगम फरीदाबाद ने साफ-सफाई, स्वच्छता और आवारा पशुओं के प्रबंधन को लेकर सख्त निर्देश जारी किए हैं।
नगर निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा के निर्देशों पर विशेष अधिकारी सेनिटेशन एस.वीर सिंह ने बताया कि मेला 31 जनवरी 2026 से सूरजकुंड, फरीदाबाद में आयोजित किया जाएगा। मेले के सुचारू आयोजन और वीवीआईपी दौरे के मद्देनज़र सभी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के आदेश दिए गए हैं।
निर्देशों के अनुसार मेला मार्गों पर मैकेनाइज्ड स्वीपिंग मशीनें तैनात की जाएंगी। यह जिम्मेदारी कार्यकारी अभियंता (SBM) को सौंपी गई है। वहीं मेला परिसर, कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता व सैनिटेशन व्यवस्था की जिम्मेदारी वरिष्ठ सेनेटरी इंस्पेक्टर हरबीर सिंह रावत को दी गई है।
मेला परिसर और सड़कों पर आवारा पशुओं को पकड़ने का कार्य सहायक सेनेटरी इंस्पेक्टर नरेंद्र लोहिया करेंगे, जबकि बंदरों और आवारा कुत्तों को पकड़ने की जिम्मेदारी स्वास्थ्य विभाग को सौंपी गई है।
नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि कार्यों में लापरवाही बरतने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

