International/Alive News: पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में मंगलवार दोपहर एक डिस्ट्रिक्ट कोर्ट के पास जोरदार धमाका हुआ। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इस हादसे में 12 लोगों की मौत हो गई और 27 लोग घायल हुए हैं।
धमाका इतना तेज था कि इसकी आवाज पुलिस लाइन्स हेडक्वार्टर तक सुनाई दी। धमाके के तुरंत बाद पुलिस, रेस्क्यू टीम और बम निरोधक दस्ते ने मौके पर पहुंचकर इलाके को घेर लिया और जांच शुरू कर दी।
कोर्ट की पार्किंग में हुआ धमाका
पुलिस के मुताबिक, धमाका अदालत के पार्किंग एरिया में खड़ी गाड़ियों में हुआ, जिससे कई वाहन पूरी तरह नष्ट हो गए। शुरुआती जांच में पता चला है कि यह एक आत्मघाती हमला था। अधिकारियों ने बताया कि हमलावर का सिर घटनास्थल से मिला है, जिससे इसकी पुष्टि हुई है।
इलाके को सील किया गया, लोगों को सुरक्षित निकाला गया
धमाके के बाद अदालत परिसर को तुरंत खाली करा लिया गया। वहां मौजूद वकीलों, न्यायाधीशों और नागरिकों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। अदालत के पीछे के रास्ते से लोगों को बाहर जाने की अनुमति दी गई। घायलों को पीआईएमएस अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
एक दिन पहले सेना ने आतंकी साजिश नाकाम की थी
इस धमाके से एक दिन पहले, पाकिस्तानी सेना ने खैबर पख्तूनख्वा के वाना शहर में एक आर्मी कॉलेज पर आतंकी हमले की साजिश को नाकाम किया था। इस कार्रवाई में दो आतंकी मारे गए थे और तीन अन्य कॉलेज की इमारत में घिर गए थे। इस हमले में 16 नागरिक और कुछ सैनिक घायल हुए थे।
सात दिन पहले सुप्रीम कोर्ट में हुआ था गैस सिलेंडर धमाका
इसके सिर्फ सात दिन पहले, 4 नवंबर को इस्लामाबाद के सुप्रीम कोर्ट भवन की कैंटीन में गैस सिलेंडर फटने से धमाका हुआ था, जिसमें 12 लोग घायल हुए थे। जांच में पता चला था कि यह दुर्घटनावश हुआ धमाका था और इसमें कोई विस्फोटक शामिल नहीं था।
इस नए आत्मघाती हमले के बाद राजधानी में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है और सभी सरकारी परिसरों में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है।

