Faridabad/Alive News: हरियाणा बोर्ड ऑफ स्कूल एजुकेशन की 10वीं और 12वीं कक्षा की प्री-बोर्ड परीक्षाएं 22 जनवरी से शुरू होने जा रही हैं, लेकिन इससे पहले ही सरकारी स्कूलों के छात्रों की परेशानी बढ़ गई है। छात्रों को मिले ई-लर्निंग टैबलेट पर अब तक फ्री इंटरनेट सुविधा शुरू नहीं की गई है, जिससे वे पढ़ाई के लिए टैबलेट का सही उपयोग नहीं कर पा रहे हैं। इसका सीधा असर बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी पर पड़ रहा है।
जिले के 378 सरकारी स्कूलों में 9वीं (बुनियाद) से 12वीं कक्षा तक के करीब 26 हजार छात्र और 1300 शिक्षक वर्ष 2022 में ई-लर्निंग योजना के तहत टैबलेट प्राप्त कर चुके हैं। नियम के अनुसार हर साल बोर्ड परीक्षाओं के बाद टैबलेट वापस ले लिए जाते हैं और सिम कार्ड डीएक्टिवेट कर दिए जाते हैं।
इस बार मई के बाद छात्रों को दोबारा टैबलेट तो दे दिए गए, लेकिन न तो सिम कार्ड एक्टिवेट किए गए और न ही फ्री डेटा की सुविधा बहाल की गई। दिसंबर में इस स्थिति पर ध्यान देते हुए डायरेक्टोरेट ने टैबलेट का वास्तविक स्टेटस पोर्टल पर अपलोड करने के आदेश दिए थे, लेकिन जनवरी शुरू होने के बावजूद शिक्षा निदेशालय और जिला शिक्षा विभाग के अधिकारी अब भी स्टेटस अपडेट करने की प्रक्रिया में ही जुटे हैं।
इंटरनेट की कमी के कारण टैबलेट पर उपलब्ध स्टडी मटीरियल, ऑनलाइन कंटेंट और पुराने प्रश्न पत्रों का लाभ छात्रों को नहीं मिल पा रहा है। एनआईटी क्षेत्र के एक सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल के 12वीं कक्षा के छात्र ने बताया कि पिछले साल 10वीं में टैबलेट पर इंटरनेट होने से तैयारी आसान थी, लेकिन इस बार स्कूल का इंटरनेट भी धीमा है और घर पर टैबलेट से पढ़ाई संभव नहीं हो पा रही।
एनआईटी-5 के एक अन्य सरकारी स्कूल के छात्र ने कहा कि बोर्ड परीक्षाएं नजदीक हैं, निजी स्कूलों में पढ़ाई जोर-शोर से चल रही है, जबकि सरकारी स्कूलों के छात्रों के टैबलेट पर इंटरनेट तक नहीं है। स्कूल भी बंद हैं और हर महीने टैबलेट का रिचार्ज कराना सभी के लिए संभव नहीं है।
छात्रों और अभिभावकों ने मांग की है कि प्री-बोर्ड और बोर्ड परीक्षाओं से पहले टैबलेट पर फ्री इंटरनेट सुविधा जल्द से जल्द शुरू की जाए, ताकि सरकारी स्कूलों के छात्र भी बेहतर तैयारी कर सकें।
प्री-बोर्ड से पहले हरियाणा के सरकारी स्कूलों के छात्रों को नहीं मिला टैबलेट पर फ्री इंटरनेट

