Faridabad/Alive News: हरियाणा में नए साल के पहले दिन से सभी सरकारी और निजी स्कूलों में 15 दिनों का शीतकालीन अवकाश रहेगा। शिक्षा विभाग ने इस संबंध में आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी है। यह अवकाश राज्य के सभी विद्यालयों में सभी कक्षाओं के लिए लागू होगा। विद्यार्थी शीतकालीन अवकाश को लेकर काफी खुश है।
शिक्षा विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार, हरियाणा राज्य के सभी सरकारी व निजी स्कूल 1 जनवरी से 15 जनवरी तक बंद रहेंगे। 16 जनवरी से विद्यालय नियमित रूप से खोले जायेंगे। इस आदेश के अनुसार पहली से लेकर नौवी कक्षा तक के विद्यार्थियों की छुट्टी रहेगी।
10वीं और 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों को नियमित रूप से आना होगा स्कूल
हालांकि, शीतकालीन अवकाश के दौरान दसवीं और बारहवीं कक्षा के विद्यार्थियों को प्रायोगिक परीक्षाओं (प्रैक्टिकल) के लिए निर्धारित शड्यूल के अनुसार स्कूल में आना होगा। उनकी पढ़ाई नियमित रूप से चलेगी।
माध्यमिक शिक्षा निदेशालय ने बताया कि यह फैसला प्रदेश में लगातार बढ़ रही ठंड और गिरते तापमान को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। इस संबंध में सभी जिला शिक्षा अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी, खंड मौलिक शिक्षा अधिकारी तथा स्कूल मुखियाओं को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
शिक्षा विभाग के आदेशों का उल्लंघन करने पर होगी कार्यवाही
शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि शीतकालीन अवकाश के आदेशों की सख्ती से पालना सुनिश्चित की जाएगी। आदेशों का उल्लंघन करने वाले विद्यालयों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। विभाग के इस निर्णय का छात्रों, अभिभावकों और शिक्षकों ने स्वागत किया है।

