Faridabad/Alive News: फरीदाबाद के ओल्ड थाना क्षेत्र के बसेलवा कॉलोनी से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां 19 साल के राहुल नामक युवक ने ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर आत्महत्या कर ली। आरोप है कि कुछ लोगों ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तकनीक से राहुल और उसकी बहनों की फर्जी अश्लील फोटो और वीडियो बनाकर उससे पैसे वसूलने की कोशिश की। पुलिस ने राहुल के पिता मनोज भारती की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मोबाइल हैक कर बनाई गईं फर्जी फोटो और वीडियो जानकारी के अनुसार, राहुल डीएवी कॉलेज में बी.कॉम सेकंड ईयर का छात्र था। उसके पिता ने बताया कि करीब दो हफ्ते पहले किसी ने राहुल का मोबाइल फोन हैक कर लिया था। इसके बाद आरोपियों ने एआई की मदद से उसकी और उसकी बहनों की न्यूड फोटो और वीडियो तैयार कर लीं। आरोपी व्हाट्सएप पर वे फर्जी फोटो और वीडियो भेजकर राहुल से 20 हजार रुपए की मांग कर रहे थे। उन्होंने धमकी दी थी कि पैसे न देने पर वे वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर देंगे।
मानसिक तनाव में था राहुल
पिछले 15 दिनों से राहुल बहुत परेशान रहने लगा था। वह कम बोलता था, खाना भी ठीक से नहीं खा रहा था और अक्सर कमरे में अकेला रहता था। परिवार को यह अंदाजा नहीं था कि वह इतनी बड़ी मानसिक परेशानी में है। शनिवार शाम राहुल ने अपने कमरे में सल्फास की गोलियां खाकर आत्महत्या कर ली। परिजन उसे अस्पताल ले गए, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मोबाइल चैट से हुआ ब्लैकमेलिंग का खुलासा
राहुल के मोबाइल की जांच में “साहिल” नाम के युवक के साथ चैटिंग मिली, जिसमें उसने राहुल की फर्जी न्यूड फोटो भेजकर पैसे मांगे थे। चैट में साहिल ने राहुल को धमकाया था कि अगर पैसे नहीं दिए तो वीडियो वायरल कर देगा। साथ ही उसने आत्महत्या के लिए उकसाने वाले शब्द भी लिखे थे और बताया था कि कौन-सी दवा खाने से मौत हो सकती है। परिजनों का कहना है कि इस पूरे मामले में साहिल के साथ राहुल का परिचित “नीरज भारती” भी शामिल हो सकता है। घटना वाले दिन राहुल की आखिरी कॉल नीरज को ही की गई थी।
ओल्ड थाना प्रभारी विष्णु कुमार ने बताया कि पिता की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस तकनीकी सबूतों के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है। उन्होंने कहा कि यह मामला एआई तकनीक के दुरुपयोग और साइबर अपराध का गंभीर उदाहरण है।
राहुल के परिवार का मूल स्थान बिहार के सिवान जिले में है। वे पिछले 50 साल से फरीदाबाद में रह रहे हैं। मनोज भारती ड्राइवरी करते हैं और राहुल उनका सबसे छोटा बेटा था।

