Faridabad/Alive News: नगर निगम, फरीदाबाद द्वारा सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट नियमों का पालन न करने वालों के खिलाफ 1 फरवरी से बड़े स्तर पर चालान एवं प्रवर्तन की कार्रवाई की जाएगी। यह जानकारी निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा ने दी।
निगम आयुक्त ने बताया कि डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण से जुड़े सभी वेंडर्स को पुनः निर्देश जारी किए गए हैं। जिन वेंडर्स का अब तक पंजीकरण नहीं हुआ है, उन्हें शीघ्र अपना पंजीकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। निर्धारित समय में पंजीकरण न कराने वाले वेंडर्स के विरुद्ध नगर निगम द्वारा कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन की गतिविधियों पर भी निगरानी रखी जाएगी। सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित आरडब्लुए के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा ने बताया कि नगर निगम द्वारा स्वैच्छिक कार्यक्रम के माध्यम से अधिक से अधिक नागरिकों, संस्थाओं एवं सामाजिक संगठनों को स्वच्छता अभियान से जुड़ने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि अभियान को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक शनिवार को समीक्षा एवं समन्वय बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें योगदान देने के इच्छुक नागरिक, स्वयंसेवक एवं संबंधित क्षेत्रों के प्रतिनिधि भाग ले सकते हैं। इन बैठकों की अध्यक्षता स्वयं निगम आयुक्त करेंगे।
इस अभियान के तहत नए मास्टर ट्रेनर्स को भी जोड़ा जाएगा, जो वार्ड पार्षदों, स्वयंसेवकों एवं विभिन्न क्षेत्रों के साथ समन्वय स्थापित कर स्वच्छता कार्यों को गति प्रदान करेंगे।
अंत में निगम आयुक्त ने सभी नागरिकों से अपील की कि वे इस अभियान में सक्रिय रूप से भाग लें और स्वच्छ, सुंदर एवं हरित फरीदाबाद के निर्माण में अपना योगदान दें।

