March 8, 2026

ग्रेप-4 के नियमों का उल्लंघन करने वालो पर होगी सख्त कार्यवाही

Faridabad/Alive News:  ग्रेप-4 के नियमों के सख्त अनुपालना को सुनिश्चित करने के लिए निगम के स्पेशल सैनिटेशन ऑफिसर एशवीर सिंह ने बीती रात स्वयं सड़कों पर उतरकर निरीक्षण किया और खुले में तंदूर जलाने तथा कूड़े में आग लगाने वाले लोगों को जागरूक किया साथ ही जिन लोगों को पहले जागरूक गया था उन्ही के द्वारा ही नियमों का उल्लंघन करने वाले पर कार्यवाही की गई । बीती रात लगभग 7 लोगों के चालान किये गये।

एशवीर सिंह ने निरीक्षण की कार्रवाई के दौरान यह देखा कि कुछ लोग बायोमास ईंधन, लकड़ी एवं कोयले से तंदूर जला रहे थे साथ ही कुछ स्थानों पर खुले में कूड़ा जलाया जा रहा था। जिससे वायु प्रदूषण में वृद्धि हो रही थी। इसके अलावा उन्होंने औद्योगिक इकाइयों को भी सचेत किया है कि वह अपनी कंपनी के बाहर तैनात गार्ड को सर्दी से बचाव के लिए हीटर उपलब्ध कराएं ताकि वह लकड़ी अथवा किसी अन्य ज्वलनशील पदार्थ से आग न जलाएं।

उन्होंने सुबह के समय चाय बेचने वाले दुकानदारों को भी जागरूक करते हुए कहा कि वे अपनी दुकान के आगे किसी व्यक्ति को आग न जलाने दें, दुकान के आगे आग जलती हुई मिली  या अवशेष मिले तो जुर्माना किया जाएगा साथ ही उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वह बायोमास ईंधन, लकड़ी और कोयले से तंदूर न जलाएं।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि ग्रेप-4  के नियमों का उल्लंघन करने पर पहली बार में 5 हजार रुपये का चालान किया जाएगा तथा नियम न मानने पर संबंधित प्रतिष्ठान को सील करने की कार्रवाई की जाएगी। वहीं दूसरी बार पकड़े जाने पर 10 हजार रुपये का चालान लगाया जाएगा और सख्त कार्रवाई की जाएगी।