March 10, 2026

14 अगस्त को मनाया जाएगा राज्य स्तरीय ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’

Faridabad/Alive News: जिले में आगामी 14 अगस्त को आयोजित होने वाले ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ के राज्य स्तरीय समारोह की तैयारियों को लेकर प्रशासन ने कमर कस ली है। इसको लेकर बुधवार को उपायुक्त विक्रम सिंह की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें आयोजन को सफल बनाने के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।

उपायुक्त विक्रम सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि इस वर्ष ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ का राज्य स्तरीय मुख्य समारोह फरीदाबाद के एनआईटी दशहरा ग्राउंड में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।

बैठक के दौरान डीसी ने कार्यक्रम स्थल पर की जाने वाली सभी आवश्यक व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की। इनमें बैठक व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध, यातायात नियंत्रण, पार्किंग की सुविधा, पेयजल उपलब्धता, साफ-सफाई, विद्युत आपूर्ति, बैरिकेडिंग, आपातकालीन सेवाएं एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम शामिल रहे।

डीसी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी तैयारियां समयबद्ध और बेहतर समन्वय के साथ पूरी की जाएं, ताकि किसी भी स्तर पर कोई कमी न रह जाए और यह कार्यक्रम गरिमा एवं शांति के साथ संपन्न हो।