Delhi/Alive News: पंजाबी फिल्म ‘चल मेरा पुत्त 4’ को भारत में रिलीज की इजाजत नहीं मिली है। हालांकि यह फिल्म 1 अगस्त को दुनियाभर में रिलीज हो गई, लेकिन भारतीय दर्शकों को निराशा हाथ लगी। फिल्म में पाकिस्तानी कलाकारों की मौजूदगी के चलते भारतीय सेंसर बोर्ड ने इसे सर्टिफिकेट नहीं दिया। इसी वजह से फिल्म भारत में रिलीज नहीं हो पाई। फिल्म की टीम ने सोशल मीडिया पर कहा, “हमने पूरी कोशिश की, लेकिन कुछ चीजें हमारे हाथ में नहीं थीं। आपके प्यार के लिए शुक्रिया।”
यह पहली बार नहीं है जब ऐसा हुआ है। इससे पहले दिलजीत दोसांझ की फिल्म ‘सरदार जी 3’ भी पाकिस्तानी एक्ट्रेस हानिया आमिर की वजह से भारत में रिलीज नहीं हो पाई थी।
पाक कलाकारों पर विवाद क्यों?
फिल्म में पाकिस्तानी हास्य कलाकार इफ्तिखार ठाकुर, अकरम उद्दास और नासिर चिन्योती हैं। इनमें से इफ्तिखार ठाकुर ने मई 2025 में भारत विरोधी बयान दिए थे। उन्होंने कहा था, “अगर तुम हवा से आओगे तो बम गिरेंगे, समंदर से आओगे तो डुबा दिए जाओगे, और जमीन से आओगे तो दफन कर दिए जाओगे।” इस बयान से भारतीय लोगों की भावनाएं आहत हुईं।
इफ्तिखार ठाकुर ने बाद में भारतीय पंजाबी फिल्मों के खिलाफ भी बयानबाजी की। उन्होंने कहा कि भारत के पंजाब में उनकी 16 फिल्में साइन थीं, लेकिन जब बायकॉट की बात आई, तो बोले, “तुम बॉयकॉट नहीं कर सकते, बॉयकॉट तो हम करते हैं।” उन्होंने यह भी कहा कि पंजाबी फिल्में पाकिस्तानी कलाकारों के बिना हिट नहीं होतीं और पंजाबी फिल्म इंडस्ट्री ने 300 से 350 करोड़ रुपए का निवेश पाक कलाकारों पर किया है।
पंजाबी एक्टर बिन्नू ढिल्लों ने ठाकुर के बयान की निंदा की और कहा कि वे अब पाक कलाकारों के साथ काम नहीं करेंगे। उन्होंने साफ कहा कि जो भारत विरोधी है, उसे यहां परफॉर्म करने का हक नहीं है।
पंजाब के CM भगवंत मान ने भी इस मुद्दे पर बयान दिया। उन्होंने कहा, “पाकिस्तान में भुखमरी है और वहां के कलाकार खुद ही कहते हैं कि भारत में आकर रोटियां खा लो। एक ने तो यहां तक कहा था कि लाहौर और कराची भी ले लो, बस खाना मिल जाए।” अब कई ऐसे प्रोजेक्ट जिनमें पाक कलाकार शामिल हैं, उन्हें भी भारत में रिलीज नहीं किया जाएगा।

