Faridabad/Alive News : हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष चौधरी उदयभान ने फरीदाबाद में कांग्रेस की बडी जीत का दावा करते हुए कहा कि जनता भाजपा की लूट, झूठ व भ्रष्टाचार का जवाब कांग्रेस के पक्ष में मतदान करके देगी।
उन्होंने कहा कि ईवीएम से बनी भाजपा सरकार को निगम चुनावों में यहां की जनता चलता करने का कार्य करेगी बस जरूरत है तो कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर पर अपनी मजबूत पकड बनाने की। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को जीत का मंत्र देते हुए कहा कि वह एकजुट हो अपने बूथ प्रबंधन को मजबूत कर भाजपा की दोगली नीतियों से जनता को अवगत कराएं।
उन्होंने दावा किया कि जनता भाजपाईयों को सबक सिखाने के लिए तैयार बैठी है क्योंकि भाजपा की सरकार में नगर निगम भ्रष्टाचार का अड्डा बनकर रह गया जिससे इस औद्योगिक क्षेत्र फरीदाबाद की छवि विश्व स्तर पर धूमिल हुई है। क्योंकि नगर निगम में 200 करोड के घोटाले की गूंज न केवल हरियाणा बल्कि समूचे देश में गूंजी है।
प्रदेश अध्यक्ष उदयभान मंगलवार को फरीदाबाद के सेक्टर-12 स्थित सेंट्रल पार्क में बुलाई गई कांग्रेस पार्टी के घोषित नगर निगम क्षेत्र के मेयर व पार्षद प्रत्याशियों तथा कांग्रेस चुनाव प्रबंधन कोर कमेटी की बैठक को संबोधित कर रहे थे।
बैठक में हरियाणा के पूर्व मंत्री एवं विधायक आफताब अहमद, पृथला के विधायक रघुवीर तेवतिया, पूर्व विधायक नीरज शर्मा, वरिष्ठ नेता विजय प्रताप सिंह, कांग्रेस की मेयर उम्मीदवार लता रानी गुर्जर पत्नी रिंकू चंदीला, सुभाष चौधरी, फरीदाबाद से विधानसभा प्रत्याशी रहे लखन कुमार सिंगला, कांग्रेस के पलवल जिला सह-प्रभारी सुमित गौड, रोहित नागर, पराग शर्मा, वेनुका प्रताप, बलजीत कौशिक, एसएल शर्मा, पूर्व पार्षद जगन डागर, मुकेश शर्मा, मनोज अग्रवाल, अब्दुल गफफार कुरेशी, अनीश पाल, विनोद कौशिक, अशोक रावल, संजय सोलंकी, फिरे पोसवाल, कृष्ण अत्री, वैभव शर्मा, अनिल नेताजी, राजकुमार शर्मा, कृष्ण पप्पी आर्य, मुकेश डागर, इशांत कथूरिया, प्रियंका अग्रवाल, सोनू चौधरी, गजना लांबा के अलावा युवा कांग्रेस के पूर्व लोकसभा अध्यक्ष रिंकू चंदीला, जिले के सभी कांग्रेस पार्षद उम्मीदवार, वरिष्ठ कांगसी, पूर्व में चुनाव लड़ चुके सभी नेता, पूर्व विधायक, कांग्रेस सेवा दल, महिला व युवा कांग्रेस सहित तमाम कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद थे।
बैठक में उपस्थित पार्टी कार्यकर्ताओं ने एकजुट हो एक स्वर से अबकी बार लता गुर्जर के नारों के साथ वातावरण को पूरी तरह से कांग्रेसमय बनाकर प्रदेश अध्यक्ष चौधरी उदयभान को विश्वास दिलाया कि इस बार फरीदाबाद में मेयर सहित सभी पार्षद उम्मीदवारों को विजयी बनाएंगे।
कांग्रेस की मेयर प्रत्याशी लता रानी गुर्जर ने अपने संबोधन में कहा कि वह फरीदाबाद क्षेत्र के नागरिकों के विकास के सपनों को पूरा करने का कार्य करेंगी। उन्होंने उपस्थितजनों से अपील की है कि वह स्वयं अपने आपको लता रानी समझकर जी-जान से चुनाव प्रचार में जुट जाएं।