May 5, 2024

स्टेट अवार्डी शिक्षक ब्रह्मदेव यादव हुए सेवानिवृत

Faridabad : सराय ख्वाजा स्थित राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में कार्यरत स्टेट अवार्डी शिक्षक ब्रह्मदेव यादव, प्राचार्या नीलम कौशिक की अध्यक्षता में हुए कार्यक्रम में बत्तीस वर्ष की सेवा उपरांत और दो वर्ष के सेवा विस्तार के पश्चात कला अध्यापक एवं शिक्षा और सामाजिक कार्यों के प्रति समर्पित शिक्षक के रूप में सेवानिवृत हुए।

इस अवसर पर विद्यालय के अंग्रेजी प्रवक्ता रविंदर कुमार मनचंदा ने बताया कि ब्रह्मदेव यादव ने दिसंबर 1986 में राजकीय उच्च विद्यालय खेड़ीकलां में कला अध्यापक के पद पर कार्यकाल शुरू किया, छः महीने खेड़ीकलां के बाद फिर अगले दस साल ददसिया, लगभग आठ वर्ष छः महीने सेहतपुर और फिर 2005 से राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सराय ख्वाजा में कार्यरत रहे।

वैसे तो सराय विद्यालय का समय सुबह सात बजे से बारह बज कर तीस मिनट का है परन्तु ब्रह्मदेव यादव सुबह से लेकर शाम की शिफ्ट के पूरा होने तक छः बजे तक विद्यालय में सेवाएं देते। इन्हे जो भी कार्य दिया गया उसे बहुत ही सादगी एवं गंभीरता से और कुशलता से पूरा किया।

इन्हें 2013 में हरियाणा के राज्यपाल महोदय द्वारा राजभवन चंडीगढ़ में 2013 में बतौर श्रेष्ठ शिक्षक के रूप में राज्य शिक्षक सम्मान से नवाजा गया। पूरे शिक्षक जीवन में शिक्षा, विद्यार्थियों के सर्वांगीण एवं विद्यालय के चहुमुखी विकास के प्रति पूर्ण रूप से समर्पित रहे ब्रह्मदेव यादव ने सच्चे अर्थों में एक आदर्श शिक्षक की भूमिका का अक्षरशः निर्वहन किया है।

विद्यालय की प्राचार्या नीलम कौशिक, रविंदर कुमार मनचंदा, रेनू शर्मा, रूपकिशोर शर्मा, संजय शर्मा, बिजेन्दर नरवत और समस्त स्टाफ सदस्यों ने ब्रह्मदेव यादव को पुष्प हार और पौधा देकर सम्मनित किया। प्राचार्या और समस्त स्टाफ ने उन के स्वस्थ एवं सुखमय जीवन की कामना की।