June 6, 2026

तमिलनाडु में सरकार गठन पर फंसा पेंच, राज्यपाल ने विजय से मांगा बहुमत साबित करने का दावा

Chennai/Alive News: तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026 के नतीजों के बाद अभिनेता और टीवीके (TVK) प्रमुख विजय राज्य की राजनीति के केंद्र में आ गए हैं। उनकी पार्टी ने 234 सदस्यीय विधानसभा में 108 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी के रूप में जगह बनाई है। हालांकि, सरकार गठन को लेकर अब स्थिति पूरी तरह साफ नहीं हो पाई है।

गुरुवार को विजय ने तमिलनाडु के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश किया। इस दौरान उनके साथ पार्टी के कई वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे। बताया जा रहा है कि राज्यपाल ने विजय से पहले विधानसभा में बहुमत साबित करने को कहा है।

सूत्रों के अनुसार, राज्यपाल ने साफ किया कि विजय तभी मुख्यमंत्री पद की शपथ ले सकेंगे जब वे सदन में बहुमत साबित कर देंगे। राज्यपाल राज्य में स्थिर सरकार चाहते हैं और इसी वजह से उन्होंने जल्दबाजी में कोई फैसला नहीं लिया है।

टीवीके को सरकार बनाने के लिए अभी भी बहुमत के आंकड़े तक पहुंचने के लिए पांच विधायकों की जरूरत है। तमिलनाडु विधानसभा में बहुमत के लिए 118 सीटें आवश्यक हैं। हालांकि, कांग्रेस ने विजय की पार्टी को समर्थन देने की घोषणा की है।

बुधवार को विजय ने कांग्रेस नेताओं के साथ बैठक भी की थी। इसके बाद उन्होंने राज्यपाल को उन कांग्रेस विधायकों की सूची सौंपी जिन्होंने समर्थन देने का भरोसा दिया है। इसके बावजूद राजभवन की ओर से अभी तक सरकार गठन को लेकर कोई औपचारिक घोषणा नहीं की गई है।

राजभवन सूत्रों का कहना है कि विजय को सरकार बनाने के लिए आमंत्रित करने और शपथ ग्रहण समारोह को लेकर अंतिम फैसला बहुमत की स्थिति स्पष्ट होने के बाद ही लिया जाएगा। ऐसे में तमिलनाडु में नई सरकार के गठन को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है।