Noida/Alive News: ईएसआई अस्पताल में भर्ती एक महिला मरीज को बेहतर उपचार के लिए अन्य अस्पताल में रेफर न किए जाने के विरोध में सोमवार को नोएडा प्राधिकरण के कूड़ा उठाने वाले कर्मचारियों ने अस्पताल परिसर में प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने अस्पताल प्रशासन और चिकित्सकों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मरीज को जल्द रेफर करने की मांग उठाई।
जानकारी के अनुसार, सेक्टर-41 निवासी प्राधिकरण कर्मचारी संजय की पत्नी प्रिया पिछले चार महीनों से गंभीर बीमारी के चलते ईएसआई अस्पताल में इलाज करवा रही हैं। उनकी 34 वर्षीय पत्नी की डेढ़ माह की बेटी है। सिर संबंधी बीमारी के कारण उनका इलाज चल रहा था। इसी दौरान अस्पताल प्रशासन ने उन्हें फेलिक्स अस्पताल रेफर किया था, जहां उनका ऑपरेशन हुआ। ऑपरेशन के बाद उनकी हालत में कुछ सुधार हुआ, लेकिन दोबारा ईएसआई अस्पताल बुलाए जाने के बाद उनकी तबीयत फिर बिगड़ गई।
संजय का आरोप है कि आज उनकी पत्नी की स्थिति अत्यंत गंभीर है। वह पैरालाइज हो चुकी हैं, पेट में बीमारी के कारण पस जमा हो गई है साथ ही कई बार उन्हें वेंटिलेटर पर भी रखना पड़ा है। उनका कहना है कि अस्पताल में समय पर और उचित उपचार नहीं मिल पा रहा है, जिससे उनकी पत्नी की हालत लगातार खराब होती जा रही है।
उन्होंने कहा कि जब उन्होंने डॉक्टर सुधाकर से पत्नी को बेहतर इलाज के लिए किसी बड़े अस्पताल में रेफर करने का अनुरोध किया, लेकिन डॉक्टर ने मना कर दिया। इसके विरोध में सुबह करीब 11 बजे बड़ी संख्या में सफाई कर्मचारी अस्पताल पहुंचे और धरना दिया। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि जब तक प्रिया को रेफर नहीं किया जाता, तब तक वे शहर में कूड़ा उठाने का कार्य बंद कर देंगे
वर्जन मरीज को फेफड़े की टीबी है और यह टीबी पूरे शरीर में फैल चुकी है। इसलिए मरीज की स्थिति बिगड़ती जा रही है। परिजनों के कहने पर मरीज को निजी अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया है।
डॉ. हरनाम कौर, डीन, ईएसआईसी अस्पताल

