Noida/Alive News: सोमवार को आसमान में धूप और बादलों की आंखमिचौली के बीच लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली। दिन का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि दोपहर के समय तेज धूप और उमस के कारण महिलाएं चेहरा और सिर ढंककर बाहर निकलती नजर आईं। लगातार बढ़ते तापमान के साथ ग्रेटर नोएडा का एक्यूआई भी बढ़ रही है।
मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को भी अधिकतम तापमान 40 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। वहीं बुधवार और गुरुवार को तापमान 41 डिग्री अधिकतम और 28 डिग्री न्यूनतम तक पहुंच सकता है। शुक्रवार से 27 तक अधिकतम तापमान में एक डिग्री की बढ़ोतरी होने का अनुमान है और यह 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 28 डिग्री रहेगा। 28 जून को अधिकतम तापमान में एक डिग्री की गिरावट के साथ 41 से 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज होने की संभावना है।
वायु गुणवत्ता की बात करें तो नोएडा का एयर क्वालिटी इंडेक्स 138 दर्ज किया गया, जो मध्यम श्रेणी और येलो जोन में आता है। वहीं ग्रेटर नोएडा का एक्यूआई 286 दर्ज किया गया, जो खराब श्रेणी में होने के कारण ऑरेंज जोन में शामिल है।

