June 6, 2026

रोहतक में आध्यात्मिक संगम: डॉ. अवधेश पुरी जी महाराज का भव्य स्वागत, पत्रकार सुरक्षा कानून की उठी मांग

Rohtak/Alive News: मीडिया काउंसिल ऑफ जर्नलिस्ट्स के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय राठी द्वारा ढुल फार्म, रोहतक में स्वस्तिक पीठ, उज्जैन के पीठाधीश्वर परम पूज्य डॉ. अवधेश पुरी जी महाराज का भव्य एवं गरिमामय स्वागत किया गया। इस अवसर पर आध्यात्मिक, सामाजिक एवं मीडिया जगत से जुड़े अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। कार्यक्रम का वातावरण श्रद्धा, सम्मान और विचार-विमर्श से परिपूर्ण रहा।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. अवधेश पुरी जी महाराज ने मीडिया काउंसिल ऑफ जर्नलिस्ट्स द्वारा पत्रकारों के हित एवं कल्याण के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह संगठन वर्तमान समय में पत्रकारों की आवाज को सशक्त रूप से उठाने का महत्वपूर्ण कार्य कर रहा है। उनके अनुसार, पत्रकार समाज का दर्पण होते हैं और उनकी सुरक्षा एवं सम्मान सुनिश्चित करना लोकतंत्र की मजबूती के लिए अनिवार्य है।

उन्होंने विशेष रूप से पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करने की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि आज के समय में यह अत्यंत जरूरी हो गया है, ताकि पत्रकार बिना किसी भय और दबाव के निष्पक्ष एवं स्वतंत्र रूप से अपनी जिम्मेदारी निभा सकें। उन्होंने कहा कि “यदि पत्रकार सुरक्षित रहेंगे, तभी लोकतंत्र मजबूत रहेगा और समाज में पारदर्शिता बनी रहेगी।”

अपने उद्बोधन में उन्होंने मीडिया को लोकतंत्र का चौथा स्तंभ बताते हुए कहा कि यह अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता, सत्य की स्थापना और मानवाधिकारों की रक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। निष्पक्ष और जिम्मेदार पत्रकारिता समाज को सही दिशा देने के साथ-साथ राष्ट्र निर्माण में भी अहम योगदान देती है।

इस अवसर पर संजय राठी ने डॉ. अवधेश पुरी जी महाराज का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके आशीर्वाद और मार्गदर्शन से संगठन को नई ऊर्जा और दिशा मिलेगी। उन्होंने आश्वस्त किया कि मीडिया काउंसिल ऑफ जर्नलिस्ट्स भविष्य में भी पत्रकारों के अधिकार, सुरक्षा और सम्मान के लिए निरंतर प्रयासरत रहेगा।

कार्यक्रम में गुरु मां डॉ. विद्या पुरी, वरिष्ठ पत्रकार राजबीर रज्जैन तथा भाजपा नेता पदम ढुल सहित कई विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे।