March 8, 2026

सिविल अस्पताल फरीदाबाद में सेवा पखवाड़ा, सुरक्षा और आपदा प्रबंधन पर हुआ विशेष प्रशिक्षण

Faridabad/Alive News: उपायुक्त फरीदाबाद के निर्देशानुसार सिविल अस्पताल में सेवा पखवाड़ा मनाया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व चीफ मेडिकल ऑफिसर डॉ. जयंत आहूजा ने किया। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए सुरक्षा के महत्वपूर्ण टिप्स दिए और 2011 में पर्वतीया कॉलोनी में हुई दवाई दुर्घटना का उदाहरण भी बताया।

सिविल डिफेंस के चीफ वार्डन डॉ. एम.पी. सिंह ने नर्सिंग स्कूल की छात्राओं और अस्पताल स्टाफ को हॉस्पिटल मैनेजमेंट, ट्राएज और आपदा प्रबंधन के बारे में जानकारी दी। उन्होंने ‘डक, कवर और होल्ड’ का अभ्यास भी कराया। डॉ. सिंह ने कहा कि जागरूक व्यक्ति अपनी और दूसरों की सुरक्षा कर सकता है। उन्होंने युद्धकालीन सुरक्षा अभियानों जैसे ऑपरेशन सिंदूर, ऑपरेशन शील्ड और ब्लैकआउट का जिक्र करते हुए जागरूकता पर जोर दिया।

इस मौके पर डिप्टी सीएमओ डॉ. राम भगत ने सीपीआर पर जानकारी दी, पीएमओ डॉ. सतीश ने मास कैजुअल्टी हैंडलिंग के बारे में बताया। ऑर्थोपेडिक सर्जन डॉ. रवि गौड़ ने ट्राएज की जानकारी दी और 2012 में फरीदाबाद ट्रेन हादसे का उदाहरण साझा किया। डॉ. अभिषेक पाराशर ने एनेस्थीसिया पर और डॉ. चारू ने आपातकालीन लेवल्स पर जानकारी दी।

फायर विभाग के अधिकारियों ने बहुमंजिला इमारतों में आग लगने पर बचाव और आग बुझाने के तरीकों का डेमोंस्ट्रेशन किया। कार्यक्रम में सिविल डिफेंस स्वयंसेवकों की भी अहम भूमिका रही।