Faridabad/Alive News: नगर निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा के दिशा-निर्देशों पर एडिशनल कमिश्नर सलोनी शर्मा के मार्गदर्शन में शहर के विभिन्न क्षेत्रों में अवैध पानी एवं सीवर कनेक्शनों को नियमित करने के लिए विशेष शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इन शिविरों के माध्यम से नागरिकों से जल व सीवर कनेक्शन से संबंधित आवेदन प्राप्त किए जा रहे हैं।
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार दो दिन में आयोजित शिविरों के दौरान एसजीएम नगर, परशुराम बूस्टिंग, सेक्टर-10, आईपी कॉलोनी, सेक्टर-37, एमसीएफ कार्यालय एवं हनुमान मंदिर बल्लभगढ़ सहित कई स्थानों पर शिविर लगाए गए। पहले चरण में 86 पानी कनेक्शन और 88 सीवर कनेक्शन के आवेदन प्राप्त हुए, जबकि दूसरे दिन 69 पानी कनेक्शन और 69 सीवर कनेक्शन के आवेदन दर्ज किए गए।
इस प्रकार अब तक कुल 155 जल कनेक्शन और 157 सीवर कनेक्शन के आवेदन नगर निगम को प्राप्त हो चुके हैं। अधिकारियों ने बताया कि शिविरों का उद्देश्य नागरिकों को एक ही स्थान पर सुविधा उपलब्ध कराना है, ताकि वे बिना परेशानी अपने कनेक्शन नियमित करा सकें।
नगर निगम ने आमजन से अपील की है कि वे इन शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। भविष्य में भी अन्य क्षेत्रों में ऐसे शिविर आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक नागरिक इस सुविधा का लाभ ले सकें और निगम के साथ सहयोग कर सकें।

