June 6, 2026

स्पार्क मिंडा बनी चैंपियन, 19वें मानव रचना कॉर्पोरेट क्रिकेट चैलेंज 2026 का खिताब जीता

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद में खेले गए 19वें मानव रचना कॉर्पोरेट क्रिकेट चैलेंज 2026 का खिताब स्पार्क मिंडा ने अपने नाम कर लिया। फाइनल मुकाबले में स्पार्क मिंडा ने आज तक की टीम को 49 रन से हराया। यह मुकाबला मानव रचना क्रिकेट ग्राउंड में खेला गया और काफी रोमांचक रहा।

पहले बल्लेबाजी करते हुए स्पार्क मिंडा की टीम ने 20 ओवर में 311 रन का बड़ा स्कोर बनाया। टीम की ओर से अमेया सिंह ने 39 गेंदों में 114 रन और अंकुर धांकर ने 43 गेंदों में 107 रन की शानदार पारी खेली।

जवाब में आज तक की टीम 19.4 ओवर में 262 रन पर ऑल आउट हो गई। हालांकि काशिफ ने 129 रन बनाकर टीम को संभालने की कोशिश की, लेकिन टीम जीत नहीं सकी।

यह टूर्नामेंट जनवरी में शुरू हुआ था, जिसमें मारुति सुजुकी, होंडा, हीरो मोटोकॉर्प, सोनी इंडिया, इंडियन ऑयल, टीसीएस और एडिडास जैसी बड़ी कंपनियों ने हिस्सा लिया।

कार्यक्रम में हरियाणा सरकार के राज्य मंत्री गौरव गौतम मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि खेल जीवन में संतुलन और ऊर्जा लाते हैं और लोगों को जोड़ने का काम करते हैं।

मानव रचना संस्थान के अधिकारियों ने भी कहा कि यह टूर्नामेंट शिक्षा और उद्योग के बीच सहयोग को बढ़ावा देता है और लोगों को एक मंच पर लाता है।

इस टूर्नामेंट में स्पार्क मिंडा को विजेता, आज तक को उपविजेता और एकॉर्ड हॉस्पिटल को फेयर प्ले अवॉर्ड दिया गया। वहीं, अमेया सिंह को फाइनल का मैन ऑफ द मैच, अली अदनान को बेस्ट बैट्समैन, फहाद को बेस्ट बॉलर, शांतनु सिंह को बेस्ट फील्डर और विक्रांत गुप्ता को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया।