August 16, 2026

मंगलुरु में सोनिया गांधी के खिलाफ शिकायत, वंदे मातरम के अपमान का आरोप

सोनिया गांधी के खिलाफ वंदे मातरम के अपमान के आरोप में मंगलुरु पुलिस थाने में शिकायत।

Mangaluru/Alive News: कांग्रेस नेता सोनिया गांधी के खिलाफ ‘वंदे मातरम’ के अपमान के आरोप में कर्नाटक के मंगलुरु में पुलिस शिकायत दी गई है। भाजपा नेता विकास पुत्तूर ने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ उर्वा पुलिस थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई और सोनिया गांधी के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग की।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि 15 अगस्त को कांग्रेस मुख्यालय में स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम के दौरान ‘वंदे मातरम’ के गायन को बीच में रोकने की बात कही गई थी। भाजपा नेता ने इसे राष्ट्रगीत का अपमान बताते हुए कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

विकास पुत्तूर ने कहा कि यदि पुलिस FIR दर्ज नहीं करती है तो वह मामले को हाई कोर्ट तक ले जाएंगे। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय गीत या देश के किसी अन्य प्रतीक के अपमान के मामले में कानून के अनुसार कार्रवाई होनी चाहिए।

क्या है पूरा मामला?

15 अगस्त को 80वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर कांग्रेस मुख्यालय में ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किया गया था। कार्यक्रम के दौरान ‘वंदे मातरम’ का गायन हो रहा था। इसी दौरान सोनिया गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के बीच बातचीत का एक वीडियो सामने आया, जिसके बाद भाजपा ने कांग्रेस पर ‘वंदे मातरम’ के अपमान का आरोप लगाया।

भाजपा की ओर से आरोप लगाया गया कि सोनिया गांधी ने ‘वंदे मातरम’ का गायन बीच में रोकने की बात कही थी। इसी आरोप को लेकर मंगलुरु में पुलिस शिकायत दी गई है।

कांग्रेस ने आरोपों को बताया गलत

कांग्रेस ने भाजपा के आरोपों को खारिज किया है। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि सोनिया गांधी ‘वंदे मातरम’ का गायन रोकने की बात नहीं कर रही थीं।

जयराम रमेश के अनुसार, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे काफी देर से खड़े थे और सोनिया गांधी उनके लिए कुर्सी लाने को कह रही थीं।

फिलहाल शिकायत के बाद पुलिस मामले की जांच कर रही है। FIR दर्ज होती है या नहीं, इस पर आगे की कार्रवाई निर्भर करेगी।