Indore/Alive News: मेघालय के चर्चित हनीमून मर्डर केस में मुख्य आरोपी सोनम रघुवंशी को बड़ी राहत मिली है। मेघालय हाई कोर्ट ने राज्य सरकार की उस याचिका को खारिज कर दिया है, जिसमें सोनम की जमानत रद्द करने की मांग की गई थी। इसके साथ ही निचली अदालत द्वारा दी गई जमानत को बरकरार रखा गया है।
अब सोनम रघुवंशी जमानत पर जेल से बाहर रहेंगी, जबकि मामले की सुनवाई अदालत में जारी रहेगी।
सोनम रघुवंशी पर आरोप है कि उन्होंने अपने कथित प्रेमी राज कुशवाहा के साथ मिलकर अपने पति राजा रघुवंशी की हत्या की साजिश रची। हालांकि, सोनम और अन्य सभी आरोपियों ने अपने ऊपर लगे आरोपों से इनकार किया है।
जमानत के खिलाफ हाई कोर्ट पहुंची थी सरकार
मेघालय पुलिस ने निचली अदालत के जमानत आदेश को चुनौती देते हुए हाई कोर्ट में याचिका दायर की थी। राज्य के पुलिस महानिदेशक (DGP) ने पहले ही कहा था कि पुलिस के पास मामले में पर्याप्त सबूत हैं और जमानत आदेश को चुनौती दी जाएगी।
हाई कोर्ट ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद सरकार की याचिका खारिज कर दी और सोनम की जमानत बरकरार रखने का फैसला सुनाया।
सोनम रघुवंशी को 28 अप्रैल को शिलॉंग की निचली अदालत से जमानत मिली थी। अब हाई कोर्ट के फैसले के बाद उनकी जमानत जारी रहेगी।
क्या है पूरा मामला?
राजा रघुवंशी और उनकी पत्नी सोनम 21 मई 2025 को हनीमून मनाने मेघालय के शिलॉंग गए थे। 26 मई को दोनों सोहरा घूमने निकले, जिसके बाद वे लापता हो गए।
पुलिस, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और स्थानीय बचाव दल ने कई दिनों तक तलाश अभियान चलाया। इसके बाद 2 जून 2025 को राजा रघुवंशी का शव सोहरा स्थित वेई सादोंग फॉल्स के पास एक गहरी खाई से बरामद किया गया।
इस मामले में पुलिस ने सोनम रघुवंशी, राज कुशवाहा, विशाल चौहान, आकाश राजपूत और आनंद कुर्मी को आरोपी बनाया है। सभी आरोपियों के खिलाफ मुकदमा चल रहा है और उन्होंने अपने ऊपर लगे आरोपों से इनकार किया है।

