May 10, 2024

पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी, दिल्ली एनसीआर में करा रही ठंड का एहसास

New Delhi/ Alive News पहाड़ों पर बर्फबारी के साथ मैदानी इलाकों में भी सर्दी का अहसास बढ़ने लगा है। वहीं मैदानी इलाकों में बृहस्पतिवार को इस सीजन का सबसे सर्द दिन दर्ज किया गया। कोहरे की धुंध के बीच न्यूनतम तापमान सामान्य से एक कम 11.3 डिग्री सेल्सियस रहा। इस बीच लोगों ने सुबह ठिठुरन भरी सर्दी का अहसास किया। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि अगले दो दिनों तक न्यूनतम पारा कम ही रहेगा।

मौसम विभाग के मुताबिक बीते 24 घंटे में अधिकतम तापमान सामान्य से दो कम 25.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं लोधी रोड और जफरपुर में सबसे कम 11.2 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड हुआ। सुबह धुंध छाई रही व सूरज निकलने तक लोगों ने ठिठुरन भरी सर्दी महसूस की। दिनभर धूप निकली रही, लेकिन धूप की तपिश कम रही। सूरज ढलने के बाद शाम को सर्दी का अहसास बढ़ गया था। 

बीते 24 घंटे में हवा में नमी का स्तर 41 से 84 फीसदी तक दर्ज किया गया। विभाग का पूर्वानुमान है कि अगले दो दिनों तक न्यूनतम तापमान लुढ़का रहेगा। अगले 24 घंटे में अधिकतम तापमान 26 व न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया जा सकता है। विशेषज्ञों ने बताया कि पहाड़ों पर बर्फबारी रूक-रूककर जारी है। उत्तर-पश्चिम से आने वाली सर्द हवाएं दिल्ली-एनसीआर में सर्दी बढ़ा रही हैं।