April 28, 2024

स्मार्ट सिटीवासियों को सीवर ओवरफ्लो की समस्या से जल्द मिलेगी निजात

Faridabad/Alive News : शहर के सभी 40 वार्डों में नगर निगम द्वारा माइक्रो सीवर ट्रीटमेंट प्लांट लगाने की योजना बनाई गई है। इससे एक ओर जहां सेक्टर और कॉलोनियों में सीवर ओवरफ्लो की समस्या से लोगों को निजात मिलेगी। वहीं नालों का पानी एसटीपी से ट्रीट होकर पार्कों और ग्रीन बेल्ट में इस्तेमाल किया जाएगा। इसका प्रस्ताव तैयार कर सरकार के पास भेजा जाएगा। प्रस्ताव पास होते ही निगम अधिकारियों द्वारा जल्द इस पर काम शुरु कर दिया जाएगा।

बता दें, कि स्मार्ट सिटी वासी लंबे समस्या से सीवर ओवरफ्लो की समस्या से जूझ रहे है। सीवर ओवरफ्लो की सबसे अधिक एनआईटी क्षेत्र में बनी हुई है। इसे लेकर आए दिन लोग नगर निगम में धरना प्रदर्शन करते हैं। आलम यह है कि सीवर की समस्या के समाधान के लिए लोगों को मुख्यमंत्री से गुहार लगानी पड़ती है। इस समय सीवर ओवरफ्लो की समस्या से सबसे अधिक पर्वतीय कॉलोनी के लोग है। यहां अक्सर सीवर लाइनें जाम ही रहती हैं। इससे पहले 10 फरवरी को कॉलोनी निवासी कामिनी ने अपनी शादी का हवाला देते हुए मुख्यमंत्री को पत्र लिख कर क्षेत्र की सीवर लाइनों की समस्या से अवगत कराया था।

नगर निगम प्रशासन के अनुसार क्षेत्र में 40 वार्ड हैं। निगम के वार्ड नंबर सात और नौ में सीवर लाइनों की मरम्मत कार्य का ठेका देने की तैयारी चल रही है। इससे पहले अन्य 38 वार्डों में सीवर लाइनों की मरम्मत का ठेका दिया गया है। निगम के अनुसार हर वार्ड में कहीं छह महीने का 25 तो कहीं 30 लाख रुपये का ठेका दिया गया है। निगम मरम्मत कार्यों पर हर साल करीब 20 करोड़ रुपये खर्च करता है। इसके बावजूद वार्डो में सीवर ओवरफ्लो की समस्या ज्यों की त्यों बनी रहती है।