March 8, 2026

बल्लभगढ़ में श्रीमद् नारद महापुराण कथा, सामूहिक आरती बनी आकर्षण

Faridabad/Alive News: बल्लभगढ़ की अग्रवाल धर्मशाला में चल रही श्रीमद् नारद महापुराण कथा में हर शाम होने वाली विहंगम सामूहिक आरती भक्तों के लिए खास आकर्षण बनी हुई है। इस आरती में रोजाना करीब 500 से 600 श्रद्धालु अपने हाथों में दीपक लेकर एक साथ नारद महापुराण की आरती करते हैं।

यह कथा श्री देवगुरु बृहस्पति सेवक ट्रस्ट की ओर से गत शुक्रवार से शुरू हुई है। आयोजन में शहर के कई गणमान्य लोग मौजूद रहे, जिनमें पूर्व विधायक नरेंद्र गुप्ता, भाजपा नेता कविंद्र फागना, निगम पार्षद, उद्योगपति और समाजसेवी शामिल थे।

व्यास पीठ पर श्री कृष्ण स्वामी जी महाराज ने बताया कि नारद मुनि केवल देवताओं के संदेशवाहक ही नहीं, बल्कि एक विचारधारा हैं जो समाज में संपर्क और संबंध जोड़ने का संदेश देते हैं। उन्होंने कहा कि जैसे भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण का जीवन समाज के लिए प्रेरणा है, वैसे ही नारद जी का जीवन भी लोगों को सीख देता है।

इस मौके पर पूर्व विधायक नरेंद्र गुप्ता ने ट्रस्ट की सराहना करते हुए कहा कि वह पिछले 12 साल से ट्रस्ट से जुड़े हैं और यह संगठन धर्म और समाज के लिए लगातार सराहनीय काम कर रहा है। भाजपा नेता कविंद्र फागना ने कहा कि ऐसे आयोजनों से लोगों को प्रेरणा मिलती है, जबकि उद्योगपति राजेश गुप्ता ने कहा कि कथा सुनने से मन को शांति मिलती है।

ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष रमेश चंद्र अग्रवाल ने बताया कि धार्मिक कार्यों के साथ-साथ ट्रस्ट समाज सेवा में भी सक्रिय है। पिछले 8 साल से ट्रस्ट निशुल्क डिस्पेंसरी चला रहा है, जहां मुफ्त डॉक्टरी परामर्श, दवाइयां, रक्त जांच और नेत्र जांच की सुविधा दी जाती है। इसके अलावा, ट्रस्ट ने श्री देवगुरु मंदिर (पूर्वी चावला कॉलोनी) में देवगुरु बृहस्पति देव की प्रतिमा और अखंड ज्योत भी स्थापित की हुई है, जो पिछले 13 साल से निरंतर जल रही है।