May 20, 2024

चंद्रयान-3 के लाइव लैंडिंग के गवाह बने श्री सिद्धदाता आश्रम संस्कृत के विद्यार्थी

Faridabad/Alive News : सेक्टर 46 स्थित श्री सिद्धदाता आश्रम के अधिष्ठाता जगद्गुरु रामानुजाचार्य स्वामी पुरुषोत्तमाचार्य महाराज के सानिध्य में चंद्रयान-3 की लैंडिंग का लाइव प्रसारण देखने के लिए बड़ी संख्या में भक्तगण एवं स्वामी सुदर्शनाचार्य वेद वेदांग संस्कृत महाविद्यालय के विद्यार्थी जुटे और लैंडिंग सफल होते ही सत्संग भवन तालियों की गड़गड़ाहट और भारत माता की जय कारों से गूंज उठा।

आश्रम में आज सुबह से ही चंद्रयान 3 की लैंडिंग को लेकर गहमागामी रही। स्वामी जी के निर्देश पर पूरे घटनाक्रम के लाइव प्रसारण की व्यवस्था आश्रम के सत्संग भवन में की गई और लोग 5 बजे ही सत्संग भवन में बैठ गए। चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग के बाद स्वामी पुरुषोत्तमाचार्य जी महाराज ने कहा कि यह आज 140 करोड़ देशवासियों के लिए गर्व के क्षण हैं। आज हम कह सकते हैं कि चंदा मामा दूर के नहीं रह गए हैं और भारत का झंडा चंद्रमा पर गढ़ गया है। अब वह दिन दूर नहीं है जब भारत विश्व गुरु बनकर उभरेगा।

स्वामीजी ने कहा कि भारत अपनी मेधा शक्ति, अपनी पौरुष शक्ति के बल पर दुनिया भर को प्रकाशित करता रहा है और हम सैकड़ो वर्षों के संघर्ष के बाद आज पुनः अपने गौरव को प्राप्त करने की तरफ कदम बढ़ा रहे हैं। उन्होंने इसरो के सभी वैज्ञानिकों और भारत के गौरव को मजबूती दे रही भारत सरकार को भी बधाई दी। उन्होंने कहा कि एक मजबूत प्रधानमंत्री के हाथ में देश आगे बढ़ रहा है। स्वामी पुरुषोत्तमाचार्य महाराज ने कहा कि हमने अपने वेदांग महाविद्यालय के विद्यार्थियों एवं भक्तों के साथ इस लाइव प्रसारण को देखा जिससे कि बच्चों को उनके जीवन में ऊंची सफलताएं हासिल करने की प्रेरणा मिल सके।