March 7, 2026

मां महालक्ष्मी के वैभवपूर्ण स्वागत के लिए सज गया श्री सिद्धदाता आश्रम

Faridabad/Alive News: दीपावली के स्वागत के लिए सूरजकुंड रोड स्थित श्री सिद्धदाता आश्रम श्री लक्ष्मी नारायण दिव्यधाम रंग बिरंगी रोशनी से सजाया गया है। समस्त वैभव प्रदान करने वाली मां महालक्ष्मी का स्वागत वैभवपूर्ण ढंग से किया जाना चाहिए। इसके लिए व्यक्ति को अपने पास मौजूद संसाधनों का प्रयोग करने में कोई कोताही नहीं बरतनी चाहिए यह बात  अधिष्ठाता जगद्गुरु स्वामी पुरुषोत्तमाचार्य महाराज ने कही है।

 उन्होंने कहा कि दीपावली का पर्व समाज में संपन्नता, समृद्धि और विकास का द्योतक है। जब हम मां महालक्ष्मी का स्वागत हर्ष एवं उल्लास के साथ करते हैं तो वह भी शीघ्र प्रसन्न होती हैं।
स्वामीजी ने बताया कि दीपावली का पर्व भगवान श्री राम के वनवास समाप्त कर अयोध्या लौटने के निमित्त भी किया जाता है। इससे हमें यह सोचना चाहिए कि जीवन में अनेक परेशानियां आती हैं लेकिन उनका अंत भी अवश्य ही आता है।  कभी-कभी परेशानियां लंबा समय ले जाती हैं लेकिन यह व्यक्ति के धैर्य की परीक्षा होती है।

उन्होंने कहा श्री सिद्धदाता आश्रम को विशेष रोशनी के साथ सजाया गया है, जिसकी सजावट देखने लायक है। यह सजावट को देखने के लिए लोग दूर-दूर से चले आते हैं। दीपावली के पर्व पर बेशक यहां कोई विशेष आयोजन तो नहीं होता है लेकिन रंग बिरंगी रोशनी से सजे आश्रम की भव्यता और दिव्यता में अवश्य ही निखार आ जाता है, जिसे देखने के लिए यहां भक्त बरबस ही चले आते हैं।