May 8, 2024

हरियाणा के पांच हजार से अधिक स्कूलों को शोकॉज नोटिस जारी, 24 घंटे में स्पष्टीकरण देने का आदेश

Faridabad/Alive News: आरोही कॉमन, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, मॉडल संस्कृति, पीएम श्री और सर्वपल्ली राधाकृष्णन लैब स्कूलों सहित कम से कम 5,547 (लगभग 40%) सरकारी स्कूलों को शिक्षा विभाग शोकॉज नोटिस जारी करने जा रहा है। इसकी वजह यह है कि इन स्कूलों द्वारा अभी तक सरकारी पोर्टल पर डुअल डेस्क की जानकारी अपडेट नहीं की है।

शिक्षा विभाग के आदेश में स्कूलों के प्रधानों को 24 घंटे में स्पष्टीकरण देने को कहा गया है। सबसे ज्यादा कुरुक्षेत्र में 524 ऐसे स्कूल हैं, जिन्होंने विभागीय आदेशों का उल्लंघन किया है।

जानकारी देने के लिए आज लास्ट डेट
शिक्षा विभाग के आदेशों में जानकारी देने के लिए विभाग ने 29 फरवरी लास्ट डेट दी थी, लेकिन 39.74 प्रतिशत इस संबंध में स्कूलों ने अभी तक अपनी अंतिम जानकारी जमा नहीं की है, जो निदेशालय के आदेशों का स्पष्ट अपमान है। अब, समय सीमा से पहले ऐसा करने में विफल रहने वाले स्कूल प्रमुखों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के सख्त निर्देश के साथ पोर्टल पर जानकारी अपडेट करने की अंतिम तिथि 4 मार्च यानी आज तक बढ़ा दी गई है।

1 साल पहले सरकार ने दिया था आदेश
हरियाणा शिक्षा विभाग के एक सीनियर अधिकारी ने बताया कि एक साल से अधिक समय पहले, राज्य सरकार ने राज्य के सभी 14,156 सरकारी स्कूलों में डुअल डेस्क प्रदान करने का निर्णय लिया था। तब सभी स्कूलों को दोहरी डेस्क की उपलब्धता की स्थिति और आगे की आवश्यकताओं को प्रदान करने के लिए कहा गया था, ताकि अधिक डेस्क उपलब्ध कराए जा सकें। इसके बाद भी इस मामले में स्कूलों के प्रधानों के द्वारा जानकारी देन में लापरवाही बरती जा रही है।

इन जिलों से नहीं आई जानकारी
जानकारी नहीं देने में कुरुक्षेत्र जिला नंबर वन पर है। यहां के 524 स्कूलों द्वारा डुअल डेस्क के बारे में जानकारी अपडेट नहीं की गई है, इसके बाद 465 स्कूलों के साथ यमुनानगर, 444 स्कूलों के साथ महेंद्रगढ़ और 429 स्कूलों के साथ करनाल है। सोनीपत सबसे निचले पायदान पर है, जहां केवल तीन स्कूलों ने अभी तक जानकारी अपडेट नहीं की है, इसके बाद चरखी दादरी में 63, पंचकुला में 121 और फरीदबाद में 138 स्कूल हैं।