Faridabad/Alive News: एन.एच.–5 ए-ब्लॉक स्थित हरि मंदिर में शनि देव मूर्ति स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मंदिर परिसर भक्ति एवं श्रद्धा के वातावरण से सराबोर रहा। कार्यक्रम के दौरान गायकों द्वारा प्रस्तुत शनि देव के भजनों ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया, वहीं कलाकारों ने आकर्षक झांकियां प्रस्तुत कर लोगों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम में हरि मंदिर के प्रधान एवं वरिष्ठ पत्रकार अमरनाथ बागी, कोषाध्यक्ष हरीश शर्मा पटवारी, महिला मंडल की प्रधान मधु दुग्गल सहित संस्था के अनेक पदाधिकारी एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।
मंदिर के कोषाध्यक्ष हरीश शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि हरि मंदिर में लगभग 26 वर्ष पूर्व शनि देव की मूर्ति की स्थापना की गई थी। तभी से प्रत्येक वर्ष स्थापना दिवस के अवसर पर धार्मिक समारोह का आयोजन किया जाता है।
इस अवसर पर मंदिर के प्रधान एवं वरिष्ठ पत्रकार अमरनाथ बागी ने कहा कि शनि देव को दुखों का हरता माना जाता है, इसलिए सभी श्रद्धालुओं का कर्तव्य है कि वे शनि देव का स्मरण एवं दर्शन अवश्य करें। उन्होंने बताया कि जो व्यक्ति मंदिर में स्थापित शनि देव की प्रतिमा की सात शनिवार परिक्रमा करता है, उसकी मनोकामना अवश्य पूर्ण होती है।
कार्यक्रम के समापन पर वेद चावला, संतोष शर्मा बेबी, अजय शर्मा, संजय सेतिया, तिलकराज आहूजा, जगदीश चावला सहित अन्य पदाधिकारियों द्वारा श्रद्धालुओं को प्रसाद एवं भंडारे का वितरण किया गया।

