Faridabad/Alive News : वार्ड-7 के नंगला एन्क्लेव पार्ट-एक में सीवर ओवरफ्लो की समस्या से लोगों का जीना दूभर हो रहा है। नगर निगम अधिकारियों को शिकायत के बाद भी इस समस्या का कोई समाधान नही किया गया। सीवर ओवरफ्लो के कारण इलाके में बीमारियां फैलने की संभावना बनी हुई है।
वार्ड-7 के नंगला एन्क्लेव पार्ट-एक 27 फीट रोड सनराइजिंग स्कूल के सामने दो महीने से सीवर ओवरफ्लो हो रहा है। जिससे लोगों को आने – जाने में काफी समस्या हो रही है। परेशान होकर लोगों ने इसकी शिकायत जेई (जुनियर इंजीनियर) दिनेश आर्य को फोन करके व मैसेज करके दी है। वार्ड के पार्षद के पति सुरेंद्र भड़ाना को भी सीवर से संबंधित समस्या से अवगत कराया गया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बिना बारिश के ही यहां जल भराव है और जब बारिश होगी तब तो लोगों का क्या हाल होगा। एक तरफ प्रशासन नालों और सीवर की सफाई के लिए अभियान चला रहा है और दूसरी तरफ सीवर के पानी से सड़क भरी हुई है।
क्या कहना है लोगों का
27 फुट रोड पर स्कूल के सामने सीवर ओवरफ्लो होने से गंदा पानी भरा हुआ है। गंदे पानी के ठहराव से आस – पास के इलाके में बिमारियों के पनपने की संभावना बनी है। एक जुलाई से स्कूल खुल रहे हैं तो बच्चों को भी स्कूल आने में समस्या होगी। कई बार जेई, एसडीओ और पार्षद पति को शिकायत की है, लेकिन आज तक समस्या का समाधान नहीं हुआ है।
-सरोज चौहान, स्थानीय पुरानी पुलिस चौकी गली।
भड़ाना चौक प्रिंस स्कूल रोड से और काली मंदिर को आने के लिए 27 फुट रोड होने की वजह से लोगों का इससे आना – जाना लगा रहता है लेकिन इस पर सीवर ओवरफ्लो होने की वजह से पानी भरा रहता है और यहां से लोगों का आना जाना दूभर हो गया है।
-ए.के मोहंती, स्थानीय काली मंदिर रोड।

