Faridabad/Alive News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर फरीदाबाद में सेवा पखवाड़ा-2025 के तहत अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर, विधायक मूलचंद शर्मा, विधायक धनेश अदलखा, विधायक सतीश फागना और मेयर प्रवीण जोशी ने स्वच्छता, सेवा और स्वास्थ्य सेवाओं पर जोर दिया।
कृष्णपाल गुर्जर ने नगर निगम सफाई कर्मचारियों का आभार जताते हुए कहा कि महात्मा गांधी के स्वच्छ भारत के सपने को मोदी जी ने साकार किया है। उन्होंने कहा कि जैसे हम अपने शरीर की सफाई करते हैं, वैसे ही हमें अपने मोहल्ले और शहर की सफाई का भी संकल्प लेना चाहिए।
बल्लभगढ़ विधायक मूलचंद शर्मा ने अटल बिहारी वाजपेयी अस्पताल में आयोजित स्वास्थ्य जांच शिविर में कहा कि अस्पताल को जल्द ही आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जाएगा। उन्होंने मरीजों से मुलाकात की और पोषण आहार भी वितरित किया।
बड़खल विधायक धनेश अदलखा ने कहा कि स्वच्छता केवल औपचारिकता न होकर जीवन का हिस्सा बननी चाहिए। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि कूड़ा-करकट निर्धारित स्थान पर ही डालें और सफाई कर्मचारियों का सहयोग करें।
एनआईटी विधायक सतीश फागना ने कहा कि सेवा ही समाज को जोड़ने का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने सेवा कार्यों को राष्ट्र निर्माण के लिए जरूरी बताया और नागरिकों से सेवा पखवाड़ा में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।
मेयर प्रवीण जोशी ने कहा कि मोदी जी केवल प्रधानमंत्री ही नहीं बल्कि सच्चे राष्ट्रसेवक हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे स्वच्छता और समाज कल्याण के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाएं।
इस मौके पर एमसीएफ कमिश्नर धीरेन्द्र खड़गटा, एडीसी सतबीर मान, अतिरिक्त आयुक्त सलोनी शर्मा, एसडीएम त्रिलोक चंद, पार्षद सुमन बाला, जगत सिंह फागना, जसवंत सिंह सहित कई अधिकारी और नागरिक मौजूद रहे।

