Faridabad/Alive News: केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन (17 सितम्बर) से लेकर महात्मा गांधी जयंती (2 अक्टूबर) तक देशभर में सेवा पखवाड़ा मनाया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को फरीदाबाद के के.सी. रोड स्थित डीसीपी एनआईटी ऑफिस के सामने श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें उन्होंने मुख्य अतिथि के तौर पर हिस्सा लिया।
कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि सेवा पखवाड़े के दौरान सफाई अभियान, वृक्षारोपण, स्वास्थ्य जांच, रक्तदान और दिव्यांगजनों को उपकरण वितरण जैसे कई आयोजन किए जा रहे हैं। उन्होंने साफ कहा कि सरकार योजनाएं बनाती है, लेकिन उन्हें सफल बनाना हम सभी की जिम्मेदारी है। जैसे हम अपना घर और कपड़े साफ रखते हैं, वैसे ही मोहल्ला और शहर भी साफ रखना हमारा कर्तव्य है।
उन्होंने सफाई कर्मचारियों की मेहनत की सराहना की और कहा कि उनकी वजह से ही शहर साफ और सुंदर दिखता है। मंत्री ने लोगों से अपील की कि यदि कोई गंदगी फैलाए तो उसे प्यार से रोकें, क्योंकि यह शहर हम सबका है। उन्होंने विशेष आह्वान किया कि हर व्यक्ति अपनी मां के नाम से एक पेड़ अवश्य लगाए और उसकी देखभाल करे। इससे फरीदाबाद का वातावरण साफ और प्रदूषण मुक्त बनेगा।
इस मौके पर लोगों को स्वच्छता की शपथ दिलाई गई और सफाई कर्मियों को बैग वितरित किए गए। लंबे समय से यहां जमा कचरे को हटाया गया और पौधारोपण भी किया गया।
इस कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष पंकज रामपाल पूजन, बड़खल विधायक धनेश अदलखा, पार्षद जसवंत सिंह, मंडल अध्यक्ष अमित आहूजा, अतिरिक्त आयुक्त गौरव अंतिल, संयुक्त आयुक्त जितेंद्र जोशी समेत कई अन्य लोग मौजूद रहे।

