September 2, 2026

सितंबर में कमजोर रहेगा मॉनसून, कई राज्यों में तेज बारिश का अलर्ट

September Monsoon Rain IMD Alert Delhi Uttar Pradesh Uttarakhand

New Delhi/Alive News: अगस्त के बाद सितंबर में मॉनसून की रफ्तार कुछ कमजोर रहने का अनुमान है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक सितंबर में देशभर में औसत बारिश सामान्य से कम रह सकती है। हालांकि, महीने के शुरुआती दिनों में कई राज्यों में तेज बारिश देखने को मिल सकती है।

आईएमडी के अनुसार सितंबर में देश में औसत बारिश दीर्घावधि औसत (LPA) के 91 फीसदी से कम रहने की सबसे ज्यादा संभावना है। सितंबर में सामान्य बारिश का औसत करीब 167.9 मिमी माना जाता है। उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ समेत देश के कई हिस्सों में सामान्य से कम बारिश हो सकती है। वहीं, पूर्वोत्तर भारत के कुछ हिस्सों में अच्छी बारिश जारी रहने का अनुमान है।

दिल्ली-NCR में 1 से 4 सितंबर तक बारिश के आसार

दिल्ली-NCR में सितंबर की शुरुआत बादल और बारिश के साथ हो सकती है। आईएमडी के मुताबिक 1 से 4 सितंबर के बीच हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। बारिश के साथ तापमान में भी कुछ गिरावट आ सकती है।

3 सितंबर को भी आसमान में बादल छाए रहने और हल्की बारिश या बूंदाबांदी के आसार हैं। इस दौरान अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। हालांकि 5 और 6 सितंबर को बारिश की गतिविधियां कमजोर पड़ने की संभावना है। बारिश और तेज हवाओं के कारण दिल्ली-NCR में हवा की गुणवत्ता में भी कुछ सुधार हो सकता है।

यूपी, हरियाणा और राजस्थान में बारिश

पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में 31 अगस्त से 2 सितंबर और 6 सितंबर के दौरान हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। 1 और 2 सितंबर को कई जगहों पर गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है।

पूर्वी राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 31 अगस्त से 6 सितंबर के बीच बारिश के आसार हैं। पश्चिमी राजस्थान में 2 से 6 सितंबर के दौरान बारिश हो सकती है। वहीं, पूर्वी उत्तर प्रदेश में 1 सितंबर को गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है।

उत्तराखंड में भी 6 सितंबर तक हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश में 2 और 3 सितंबर को बारिश हो सकती है।

मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भारी बारिश का अलर्ट

पश्चिमी मध्य प्रदेश में 2 और 6 सितंबर को भारी बारिश की संभावना है। 3 से 5 सितंबर के बीच कुछ इलाकों में बहुत भारी बारिश हो सकती है। पूर्वी मध्य प्रदेश में 6 सितंबर को कुछ स्थानों पर भारी बारिश का अनुमान है।

छत्तीसगढ़ में 4 सितंबर को बलरामपुर समेत कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। विदर्भ में भी 2 और 4 सितंबर को कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना जताई गई है।

अल नीनो का भी असर

मौसम विभाग के मुताबिक प्रशांत महासागर में अल नीनो की स्थिति मजबूत बनी हुई है। मध्य और पूर्वी प्रशांत क्षेत्र में समुद्र की सतह का तापमान सामान्य से अधिक है। आने वाले समय में अल नीनो के और मजबूत होने की संभावना जताई गई है। हिंद महासागर में फिलहाल तटस्थ स्थिति बनी हुई है। सितंबर में भी इसके तटस्थ रहने का अनुमान है, हालांकि सितंबर के बाद इसकी स्थिति में बदलाव हो सकता है।

कुल मिलाकर सितंबर में देशभर में मॉनसून कमजोर रहने का अनुमान है, लेकिन महीने की शुरुआत में दिल्ली-NCR, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और पहाड़ी राज्यों के कुछ हिस्सों में बारिश लोगों को राहत दे सकती है।