March 7, 2026

गोदाम से चोरी रोकने पर चौकीदार पर जानलेवा हमला, आरोपी गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: गोदाम से चोरी रोकने पर चौकीदार पर जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई अपराध शाखा सेक्टर-56 की टीम द्वारा की गई।

पुलिस के अनुसार, पर्वतीय कॉलोनी निवासी शाहरूख खान ने शिकायत दी थी कि उसके गोदाम में सिंध नाम का चौकीदार और रवि नाम का युवक काम करता था। रवि पहले भी कई बार गोदाम से लोहा चोरी कर चुका था, जिसकी जानकारी चौकीदार ने मालिक को दी थी।

14 जनवरी 2026 को जब रवि गोदाम से तांबे की वायर चोरी कर ले जा रहा था, तब चौकीदार सिंध ने उसे रोकने की कोशिश की। इसी बात पर गुस्से में आकर रवि ने सरिया उठाकर चौकीदार पर हमला कर दिया और उसका गला दबाने की भी कोशिश की। इस हमले में चौकीदार गंभीर रूप से घायल हो गया।

शिकायत के आधार पर थाना मुजेसर में आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया। जांच के बाद अपराध शाखा सेक्टर-56 की टीम ने आरोपी रवि वर्मा उर्फ राजा, निवासी गांव कृष्णा टोला, जिला अलीगढ़ (उत्तर प्रदेश), हाल निवासी राम नगर फरीदाबाद को गिरफ्तार कर लिया।

आरोपी को अदालत में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।