Faridabad/Alive News: फरीदाबाद के सेक्टर-3 में अहाता मैनेजर की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक नाबालिग सहित अब तक 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, इस मामले में पहले ही अभिषेक और रोहित को गिरफ्तार किया जा चुका था। अब आगे कार्रवाई करते हुए संदीप, हर्ष और एक किशोर को भी पकड़ लिया गया है। नाबालिग को बाल सुधार गृह भेज दिया गया है, जबकि चारों अन्य आरोपियों को 1 दिन के पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है।
मामले की जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि उत्तर प्रदेश के औरैया निवासी सुमित ने शिकायत दी थी कि उसका भाई आदेश कुमार सेक्टर-3 में एक शराब ठेके के साथ बने अहाता में मैनेजर था।
15 अप्रैल की रात करीब 12 बजे सुमित अपने भाई के पास गया तो वहां कुछ लोग उसके भाई के साथ झगड़ा कर रहे थे। थोड़ी देर बाद 10-12 लोग लाठी-डंडों के साथ आए और आदेश कुमार पर हमला कर दिया। गंभीर चोटों के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
जांच में सामने आया कि अभिषेक अपने नाबालिग भांजे के साथ शराब लेने आया था। शराब नहीं मिलने पर उसकी आदेश कुमार से कहासुनी हो गई। इसके बाद दोनों पक्षों में झगड़ा बढ़ गया और बाद में अन्य लोग भी वहां पहुंच गए, जिन्होंने मिलकर हमला कर दिया।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों को कोर्ट में पेश कर रिमांड लिया गया है और मामले की जांच जारी है।

