August 12, 2026

फरीदाबाद में बीएलओ और सुपरवाइजर की दूसरे चरण की ट्रेनिंग जल्द शुरू होगी: डीसी 

Faridabad/Alive News: हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ए. श्रीनिवास ने राज्य के सभी उपायुक्तों और जिला निर्वाचन अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण की तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में मतदाता सूची अपडेट करने, बीएलओ और सुपरवाइजर की ट्रेनिंग, कॉल सेंटर संचालन, राजनीतिक दलों के साथ समन्वय और पोलिंग स्टेशनों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की गई।

बैठक के बाद उपायुक्त (डीसी) आयुष सिन्हा ने बताया कि जिले में विशेष पुनरीक्षण अभियान को लेकर सभी तैयारियां चरणबद्ध तरीके से की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि बीएलओ और बीएलओ सुपरवाइजर की पहले चरण की ट्रेनिंग पूरी हो चुकी है। अब दूसरे चरण की ट्रेनिंग छोटे-छोटे बैच बनाकर करवाई जाएगी।

डीसी ने बताया कि प्रत्येक बैच में अधिकतम 50 अधिकारियों और कर्मचारियों को शामिल किया जाएगा, ताकि सभी को चुनाव प्रक्रिया की सही और विस्तृत जानकारी दी जा सके। इससे प्रशिक्षण अधिक प्रभावी ढंग से कराया जा सकेगा। उन्होंने बताया कि जल्द ही राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ भी बैठक आयोजित की जाएगी। इस बैठक में मतदाता सूची पुनरीक्षण और पोलिंग स्टेशनों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होगी।

आयुष सिन्हा ने कहा कि वर्तमान में फरीदाबाद जिले में 713 पोलिंग स्टेशन हैं। मतदाताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जरूरत पड़ने पर नए पोलिंग स्टेशनों के प्रस्तावों के अनुसार बदलाव भी किए जा सकते हैं।

उन्होंने बताया कि जिला स्तर पर कॉल सेंटर भी स्थापित किया जा चुका है और इसे सुचारु रूप से चलाने के लिए जरूरी व्यवस्थाएं की जा रही हैं। जिला प्रशासन चुनाव प्रक्रिया को पारदर्शी, आसान और मतदाता हितैषी बनाने के लिए लगातार काम कर रहा है।

इस समीक्षा बैठक में एडीसी अंजलि श्रोत्रिया, जिला परिषद की सीईओ शिखा, नगर निगम के एडिशनल कमिश्नर गौरव अंतिल, फरीदाबाद एसडीएम डॉ. हनी बंसल, बल्लभगढ़ एसडीएम मयंक भारद्वाज, सीटीएम अंकित कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।