Faridabad/Alive News: जिले में बढ़ती गर्मी और हीट वेव को देखते हुए जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने लोगों के लिए एडवाइजरी जारी की है। उपायुक्त (डीसी) आयुष सिन्हा ने लोगों से अपील की है कि वे गर्मी से बचाव के लिए जरूरी सावधानियां अपनाएं और अपनी सेहत का ध्यान रखें।
डीसी ने कहा कि तेज गर्मी और गर्म हवाओं के कारण लू लगने का खतरा बढ़ जाता है। खासकर बच्चों, बुजुर्गों, खिलाड़ियों, बीमार लोगों और धूप में काम करने वालों को ज्यादा सावधानी बरतने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि लू लगने के बाद इलाज कराने से बेहतर है कि पहले से बचाव किया जाए।
हीट वेव से बचने के लिए ये सावधानियां रखें
डीसी आयुष सिन्हा ने बताया कि लोग मौसम की जानकारी के लिए टीवी, रेडियो और समाचार पत्रों पर ध्यान दें। गर्मी में हल्के रंग के ढीले सूती कपड़े पहनें और सिर को कपड़े, टोपी या छतरी से ढककर रखें। उन्होंने कहा कि ज्यादा से ज्यादा पानी पिएं, भले ही प्यास न लगे। इसके अलावा ओआरएस, नींबू पानी, लस्सी, छाछ और घर के बने पेय पदार्थों का सेवन करें। दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक तेज धूप में निकलने से बचें।
डीसी ने कहा कि बच्चों को कभी भी बंद वाहन में अकेला न छोड़ें। नंगे पैर बाहर न जाएं और काम के दौरान बीच-बीच में आराम करें। खेतों या खुले में काम करने वाले लोग समय-समय पर छाया में आराम जरूर करें। उन्होंने लोगों को जंक फूड से बचने और ताजे फल, सलाद व घर का बना भोजन खाने की सलाह दी। अगर किसी को चक्कर आना, उल्टी, तेज सिरदर्द, घबराहट, सीने में दर्द या सांस लेने में परेशानी हो तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें। डीसी ने कहा कि बढ़ती गर्मी में बुजुर्गों और कमजोर लोगों की खास देखभाल करें। दिन में कम से कम दो बार उनकी स्थिति जरूर जांचें। उन्हें ठंडे स्थान पर रखें और शरीर को ठंडा रखने के लिए गीला तौलिया इस्तेमाल करें। जरूरत पड़ने पर तुरंत डॉक्टर या एम्बुलेंस को बुलाएं।
डीसी ने कहा कि पालतू और अन्य जानवरों को छायादार जगह पर रखें और उन्हें पर्याप्त पानी दें। जानवरों को बंद वाहन में बिल्कुल न छोड़ें। कुत्तों को सुबह या शाम के समय ही बाहर घुमाएं और गर्म सड़क या रेत पर न ले जाएं। उनके खाने और पानी की व्यवस्था छाया में रखें ताकि उन्हें गर्मी से राहत मिल सके।

