May 18, 2024

यूपी में कल से खुलेंगे कक्षा पहली से पांचवी तक के स्कूल, टीम-09 की बैठक में मुख्यमंत्री ने दिए आदेश

Lucknow/Alive News : यूपी में एक सितंबर से कक्षा पहली से पाचवीं तक के विद्यालय खुल रहे हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने टीम-09 की बैठक में स्कूलों में कोविड प्रोटोकॉल का पूरा ध्यान रखने के सख्त निर्देश दिए है।

वहीं स्कूल, कॉलेजों में अन्य पिछड़ा वर्ग, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति संवर्ग के छात्र-छात्राओं को देय छात्रवृत्ति का भुगतान समयबद्ध ढंग से हो। यह छात्रवृत्ति विद्यार्थियों के लिए अत्यंत उपयोगी है। इसके भुगतान में विलंब न हो। छात्रवृत्ति वितरण की अद्यतन स्थिति की समीक्षा कर मुख्यमंत्री कार्यालय को अवगत कराया जाए।

इसके अलावा उन्होंने कहा कि गोरखपुर, सिद्धार्थ नगर, महराजगंज, गोंडा, श्रावस्ती सहित पूर्वी उत्तर प्रदेश के जनपदों में बाढ़, अतिवृष्टि की समस्या है। इसके अतिरिक्त राप्ती, बूढ़ी राप्ती नदियां उफान पर हैं। जल शक्ति मंत्री आज ही इन क्षेत्रों का भ्रमण कर राहत एवं बचाव कार्यों का निरीक्षण करें। प्रभावित लोगों को तत्काल राशन आदि उपलब्ध कराया जाए। राहत कार्य पूरी तत्परता के साथ किया जाए। प्रभावित लोगों की जरूरत का पूरा ध्यान रखा जाए।

मिली जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री के मुताबिक एग्रेसिव ट्रेसिंग, टेस्टिंग और त्वरित ट्रीटमेंट की नीति के साथ-साथ तेज टीकाकरण की नीति से उत्तर प्रदेश में कोरोना संक्रमण नियंत्रित स्थिति में है। टेस्टिंग और टीकाकरण में उत्तर प्रदेश, देश में शीर्ष पायदान पर है। प्रदेश में अब तक 7 करोड़ 23 लाख 18 हजार 979 टेस्ट हो चुके हैं। इसी प्रकार 30 अगस्त तक 7 करोड़ 15 लाख 60 हजार से अधिक वैक्सीन डोज लगाई जा चुकी है। वहीं 6 करोड़ से अधिक प्रदेशवासियों ने टीके की कम से कम एक डोज जरूर ले ली है। इस महत्वपूर्ण कार्य को और तेज किए जाने के प्रयास हों। भारत सरकार से सतत संपर्क बनाए रखा जाए।

जानकारी के अनुसार लगातार कोशिशों से उत्तर प्रदेश में कोरोना महामारी की दूसरी लहर की स्थिति नियंत्रण में है। संक्रमण दर न्यूनतम स्थिति में है। ताजा स्थिति के मुताबिक प्रदेश के 23 जनपदों में एक्टिव केस शून्य हैं।
विभिन्न राज्यों में कोविड के मामले एक बार फिर तेजी से बढ़ रहे हैं। हमें सावधान रहना होगा। अतिरिक्त सावधानी भी बरतनी होगी। कोविड प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन किया जाना बहुत जरूरी है।

इसके अलावा उन्होंने कहा कि जनपद एटा और बरेली में अराजक तत्वों द्वारा पुलिस की वर्दी पहन कर अवैध वसूली करने और मारपीट करने की घटना सामने आई है। यह उत्तर प्रदेश पुलिस की साख को खराब करने की साजिश है। ऐसे लोगों पर अविलम्ब कठोरतम कार्रवाई की जाए।

केंद्र व राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से प्रदेश में कुल 554 प्लांट लगाए जाने प्रस्तावित हैं। अब तक 357 ऑक्सीजन प्लांट क्रियाशील हो चुके हैं। जिलाधिकारी गण निर्माणाधीन प्लांट के कार्यों का सतत निरीक्षण करते रहें।