Faridabad/Alive News: आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मेधावी विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति दिलाने के लिए आयोजित होने वाली राष्ट्रीय साधन-सह-योग्यता छात्रवृत्ति योजना की परीक्षा में शामिल होने के लिए फरीदाबाद से 1215 विद्यार्थियों ने आवेदन किया है। आवेदन प्रक्रिया शनिवार को पूरी हो गई। अब विद्यार्थियों की नजर 29 नवंबर को होने वाली परीक्षा पर है। इस परीक्षा में निर्धारित मानदंडों के अनुसार सफल होने वाले पात्र विद्यार्थियों को आगे की पढ़ाई के लिए आर्थिक सहायता मिलेगी।
योजना का उद्देश्य आर्थिक तंगी के कारण प्रतिभाशाली विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित होने से रोकना है। इसके तहत चयनित विद्यार्थियों को कक्षा नौवीं से बारहवीं तक हर महीने छात्रवृत्ति दी जाती है। इससे विद्यार्थियों को अपनी पढ़ाई जारी रखने और शैक्षणिक जरूरतें पूरी करने में मदद मिलती है।
स्कूलों के माध्यम से किया गया जागरूक
योजना समन्वयक धर्मेंद्र अधाना ने बताया कि अधिक से अधिक विद्यार्थियों के आवेदन सुनिश्चित करने के लिए स्कूल मुखियाओं और कक्षा प्रभारियों को निर्देश दिए गए थे। विद्यार्थियों को योजना के बारे में जागरूक भी किया गया, लेकिन इस बार आवेदन कम मिले हैं। आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब 29 नवंबर को होने वाली परीक्षा के आयोजन की तैयारी की जा रही है।

