Faridabad/Alive News: जरूरतमंद मरीजों को रक्त उपलब्ध कराने और लोगों को आंखों की सेहत के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से शनिवार को प्याली चौक स्थित जाट धर्मशाला में शिविर लगाया गया। भारती चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से आयोजित 14वें रक्तदान एवं नेत्र जांच शिविर में 38 लोगों ने रक्तदान किया, जबकि 150 लोगों की आंखों की जांच की गई। इनमें से 30 लोगों को निशुल्क चश्मे भी वितरित किए गए।
शिविर का आयोजन रेडक्रॉस फरीदाबाद, संत भगत सिंह चैरिटेबल ब्लड बैंक और भाटिया सेवक समाज अस्पताल के सहयोग से किया गया। जाट संस्था के प्रधान डॉ. जितेंद्र मोर ने कहा कि रक्तदान किसी जरूरतमंद मरीज को नया जीवन देने में मददगार हो सकता है। वहीं, अखिल भारतीय ब्राह्मण सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुरेंद्र शर्मा बबली ने नियमित नेत्र जांच को जरूरी बताया।
ट्रस्ट के संस्थापक अध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र सिंह नांदल ने शिविर में सहयोग देने वाले सभी लोगों का आभार जताया। इस मौके पर समाजसेवी संजीव कुशवाहा सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

