Faridabad/Alive News : भूपानी ग्राम स्थित सतयुग दर्शन ट्रस्ट ने माह जुलाई में वैश्विक स्तर पर भोजन-कपड़े और कम से कम अपनी अपनी एक माह की कुल आमदन जरूरतमंदों की सहायतार्थ उनके मध्य वितरित करने की मुहिम चला रहा है। इस मुहिम के उद्देश्य को स्पष्ट करते हुए ट्रस्ट के प्रवक्ता ने बताया कि आज के प्रतिस्पर्धात्मक इस युग में इंसान की मन: सोच इतनी संकुचित हो गई है कि वह केवल “मैं और मेरा” तक ही सीमित रह गई है। इसलिए वह आज जो कुछ भी अर्जित कर रहा है, चाहे वह सम्पति है, धन-दौलत है, पोशाक है, घर-बार है या कुछ और है केवल अपने या अपनों के लिए ही कर रहा है।
विडम्बना की बात यह है कि भौतिक अर्जना की यह होड उसे काम व कामनाओं का गुलाम बना इतना लोभी, क्रोधी, स्वार्थी व अहंकारी बना देती है कि अपने व अपनो के अतिरिक्त, असहाय, दीन व लाचार भाई-बंधुओ और ध्यान ही नहीं जा पाता और न ही वह उनके निमित्त उदार ह्वदय से अपनी आय या संसाधनों के कुछ हिस्से का निष्काम भाव से त्याग कर पाता है। यदि ध्यान से देखा जाए तो यही मोह-माया या ममता इंसान के दु:खों का मूल कारण है।
इसी में फंसकर इंसान “वसुधैव कुटुम्बकम्” यानि यह समूचा पृथ्वी एक परिवार है अथवा यह पूरा संसार ब्राहृमय है, इस सर्वोत्कृष्ट भावना से विमुख हो, उन के प्रति अपने कर्त्तव्य से विमुख हो जाता है और समानता समभाव के स्थान पर अमीरी-गरीबी, बड़ा – छोटा आदि का द्वैतात्मक व द्वंद्वात्मक भाव पैदा हो जाता है। इस संदर्भ में सभी मानेंगे कि यह कलयुग के नकारात्मक भाव-स्वभावों में गलतान हो स्वार्थपरता का प्रतीक बनने जैसी अधर्मयुक्त बात होती है।
ज्ञात हो मानव मन से इसी अहंता के प्रतीक, स्वार्थपर, द्वैतात्मक व द्वंद्वात्मक विषम भाव को समाप्त कर, उसको उसके विशाल कुटुम्ब के प्रति निज कर्त्तव्य का बोध कराने हेतु, सतयुग दर्शन ट्रस्ट ने देश-विदेश में स्थापित महाबीर सत्संग सभा के सदस्यों व साधारण जनता से अपील की है कि वे अपने व अपने बच्चों में उदारता से युक्त दाता भाव पैदा करने के लिए, अपने हाथों से जुलाई माह में असहाय सजनों की सहायतार्थ निष्काम भाव से खाना, कपड़े व कुछ धनराशि आदि वितरित करें और इस तरह स्वार्थी से परमार्थी बन सर्वहितकारी नाम कहाएं।
यही नहीं ट्रस्ट ने यह भी अपील की है कि यह क्रिया गली-गली, कूचे-कूचे में छिपे जरुरतमन्द सजनों का भली-भांति जायज़ा ले, आप करो व अन्यों से जहां भी आपका सम्पर्क है, उन्हें संग लें, उनसे भी करवाओ। जायजा लेने से यहां आशय, कुटुम्ब में कौन त्राहिमाम कर रहा है, कौन रो रहा है, कौन दु:ख से तड़फ रहा है, कौन निर्वस्त्र है, किसको खाने में पूर्ण तृप्ति नहीं मिल रही यानि भूखा ही सो जाता है, उसका परीक्षण करने से है। इस तरह योग्य सजनों को खोज-खोज कर, आत्मीयता के भाव से, प्रसन्नतापूर्वक उन तक उनका हक पहुंचाओ और उनके उदासीन या गमगीन चेहरों से झलकने वाली संतोष भरी क्षणिक मुस्कराहट का परम सुख प्राप्त कर धन्य हो जाओ।
याद रखो ऐसा करने से यानि दूसरों के हित के निमित्त अपने स्वार्थ का त्याग करने से जो आनन्द प्राप्त होगा वह न तो अर्जित सम्पत्ति या धन-धान्य अथवा अन्य संसाधनों का स्वयं उपभोग करने से प्राप्त हो सकेगा और न ही उसे अपनो के मध्य उन्हें वितरित करने से मिल सकेगा। वह आनन्द तो केवल जरूरतमंदों को भरपेट भोजन खिलाकर, अच्छे वस्त्र पहनाकर, उनके जरूरत की आवश्यक वस्तुएं देकर या कुछ आर्थिक सहायता प्रदान करके ही मिल सकेगा। यही नहीं इस क्रिया से भौतिक वस्तुओं के प्रति जो हमारे अन्दर अहंता-ममता है वह भी छूटेगी और संतोष, धैर्य, सच्चाई, निष्कामता, त्याग, परोपकार जैसे मानवीय सहज गुणों को अन्दर पनपने का अवसर भी मिलेगा।
इस संदर्भ में ट्रस्ट के प्रवक्ता ने यह भी कहा कि यह कोई अनूठी या नई बात नहीं है, हमारे वेद-शास्त्र भी इस नियम का समर्थन करते हैं और अपनी सामर्थ्य अनुसार कमाई का दसवां हिस्सा, संसार रूपी कुटुम्ब के दुखिया सदस्यों की सेवार्थ समर्पित करने का विधान बताते हैं। अत: इस विधान के तहत केवल अपने घरों, अलमारियों या तिजोरियों को भरने में मत लगे रहो अपितु वेद-शास्त्रों की वाणी का आदर करते हुए यानि गुरुमत प्रवान करते हुए, घरों व अलमारियों में जो भी अच्छी स्थिति में पड़ा हुआ सामान प्रयोग में न आ रहा हो, उसे पूरी ईमानदारी से प्रसन्नतापूर्वक जरूरतमंद योग्य सुपात्र को सौंप दो।
कहने का आशय यह है कि आपके लिए जो फालतू है पर अन्य की आवश्यकता है उसे उनके मध्य बांटकर, परोपकार का ऐसा बीज अपने अन्दर बो दिजिए कि फिर कभी किसी लाचार तक उसका हिस्सा सहर्ष पहुंचाने में आपका दिल कभी न सकुचाएं।
अंत में ट्रस्ट के प्रवक्ता ने बताया कि यह एक विश्व-व्यापी अभियान है जिसका शुभारम्भ प्रथम जुलाई से होगा और 31 जुलाई तक यह क्रिया चलेगी। सभी इस विश्वस्तरीय सेवा अभियान का हिस्सा बनें।

