July 7, 2026

अहमदाबाद सीरियल ब्लास्ट केस: गुजरात हाई कोर्ट ने 38 दोषियों की फांसी की सजा बरकरार रखी

अहमदाबाद सीरियल ब्लास्ट केस में गुजरात हाई कोर्ट के फैसले का प्रतीकात्मक दृश्य।

Ahmedabad/Alive News: वर्ष 2008 के अहमदाबाद सीरियल ब्लास्ट मामले में गुजरात हाई कोर्ट ने बड़ा फैसला सुनाया है। कोर्ट ने इस मामले में 38 दोषियों को दी गई फांसी की सजा को बरकरार रखा है।

इससे पहले अहमदाबाद सिटी सेशंस कोर्ट ने सुनवाई के बाद 38 दोषियों को मौत की सजा और 11 अन्य दोषियों को उम्रकैद की सजा सुनाई थी। इसके बाद राज्य सरकार ने सजा की पुष्टि के लिए गुजरात हाई कोर्ट में कन्फर्मेशन याचिका दाखिल की थी।

गुजरात हाई कोर्ट ने सभी पक्षों की दलीलें सुनने के बाद सेशंस कोर्ट के फैसले को सही मानते हुए 38 दोषियों की फांसी की सजा को बरकरार रखा। इस फैसले के बाद देश के सबसे चर्चित आतंकी मामलों में से एक अहमदाबाद सीरियल ब्लास्ट केस में कानूनी प्रक्रिया का एक महत्वपूर्ण चरण पूरा हो गया है।

गौरतलब है कि वर्ष 2008 में अहमदाबाद में हुए सिलसिलेवार बम धमाकों में कई लोगों की जान गई थी और बड़ी संख्या में लोग घायल हुए थे। इस मामले की जांच के बाद कई आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था, जिनके खिलाफ लंबी सुनवाई के बाद सेशंस कोर्ट ने सजा सुनाई थी।