June 5, 2026

श्री सिद्धदाता आश्रम में विश्व पर्यावरण दिवस पर किया पौधारोपण 

Faridabad/Alive News: विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर श्री लक्ष्मीनारायण दिव्यधाम, श्री सिद्धदाता आश्रम में पर्यावरण संरक्षण का व्यापक संदेश दिया गया। आश्रम के अधिपति एवं जगद्गुरु रामानुजाचार्य स्वामी श्री पुरुषोत्तमाचार्य जी महाराज ने स्वयं आश्रम परिसर में पौधारोपण कर प्रकृति की रक्षा का संकल्प लिया।

पर्यावरण दिवस के इस पुनीत अवसर पर जगद्गुरु स्वामी पुरुषोत्तमाचार्य जी महाराज ने महाविद्यालय के छात्रों के साथ मिलकर आश्रम परिसर में आम, नींबू और चीकू जैसे फलदार पौधे लगाए। इस दौरान महाराज जी ने कहा कि “प्रकृति और पर्यावरण का संरक्षण ही मानव जाति का अस्तित्व है। हमारे धर्मग्रंथों में वृक्षों को देवतुल्य माना गया है। फलदार वृक्ष न केवल पर्यावरण को शुद्ध रखते हैं, बल्कि जीव-जंतुओं और मनुष्यों के लिए पोषण का आधार भी बनते हैं।”

महाराज जी ने सभी भक्तों और समस्त शहरवासियों से आह्वान किया कि वे अपने जन्मदिन या किसी भी शुभ अवसर पर एक पौधा अवश्य लगाएं और उसे एक संतान की तरह पालें। इस कार्यक्रम में आश्रम के सेवादारों और विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।

ज्ञात हो कि आश्रम न केवल आध्यात्मिक ऊर्जा का स्रोत है, बल्कि यह अनेक सामाजिक, सांस्कृतिक और धार्मिक प्रकल्पों का संचालन भी कर रहा है। आश्रम द्वारा निशुल्क भोजन, निशुल्क शिक्षा, गोवंश का संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण, भजन-प्रवचन एवं यज्ञादि जैसे महान कार्य निरंतर किए जा रहे हैं। इसी क्रम में आश्रम द्वारा संचालित ‘स्वामी सुदर्शनाचार्य वेद-वेदांग संस्कृत महाविद्यालय’ के छात्रों ने भी इस कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर सहभागिता की।