संत नामदेव समाज द्वारा होली मिलन एवं सन्त नामदेव महाराज मूर्ति स्थापना दिवस समारोह हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। इस भव्य कार्यक्रम में समाज के सैकड़ों गणमान्य व्यक्ति और श्रद्धालु शामिल हुए।
समारोह में बतौर मुख्यातिथि हरियाणा राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष रेणु भाटिया और हरियाणा पिछड़ा वर्ग के पूर्व चेयरमैन सतबीर सिंह वर्मा ने शिरकत की। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधान दलीप सिंह पंवार ने की जबकि त्रिलोक रोहिल्ला विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत संत नामदेव महाराज की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर और भजन-कीर्तन के साथ हुई।
हरियाणा राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष रेणु भाटिया ने सभी को होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि किसी भी समाज की प्रगति महिलाओं की भागीदारी के बिना अधूरी है। उन्होंने समाज में बेटियों की शिक्षा और महिलाओं के सशक्तिकरण पर बल दिया। महिलाओं की शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक सक्रियता से समाज में सकारात्मक परिवर्तन आते हैं।
इसके अलावा महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी से निर्णय-निर्माण प्रक्रिया में संतुलन और समावेशिता सुनिश्चित होती है। समाज के सभी क्षेत्रों में महिलाओं की बराबरी की भागीदारी से सामाजिक न्याय और समानता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए जा सकते हैं।