October 25, 2026

जीवा पब्लिक स्कूल में सजा संस्कार मेला, बच्चों ने दिखाई प्रतिभा

Faridabad/Alive News: सेक्टर-21बी स्थित जीवा पब्लिक स्कूल में वार्षिकोत्सव ‘संस्कार मेला’ का आयोजन उत्साह के साथ किया गया। इस बार मेले की थीम ‘अतुल्य भारत’ रही। इसमें विद्यार्थियों ने भारतीय संस्कृति, परंपराओं और देश की विविधता को सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से दर्शाया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन से हुआ।

विद्यार्थियों ने गणेश वंदना, पंजाबी लोकनृत्य, रानी लक्ष्मीबाई पर नाटिका, देशभक्ति नृत्य और शिव पुराण पर आधारित काल भैरव नृत्य-नाटिका प्रस्तुत की। काल भैरव की प्रस्तुति विशेष आकर्षण रही। ऑर्केस्ट्रा की धुनों और डांडिया नृत्य ने भी दर्शकों का मन मोह लिया। अभिभावकों ने भी खेलों और सांस्कृतिक गतिविधियों में हिस्सा लिया।

मेले में उत्तर प्रदेश, गुजरात, राजस्थान, हरियाणा और पंजाब की संस्कृति को दर्शाया गया। इसके अलावा विभिन्न मनोरंजक खेल, टॉय ट्रेन और अटल टिंकरिंग लैब में विद्यार्थियों के बनाए रोबोट और प्रोजेक्ट प्रदर्शित किए गए। कला केंद्र में बच्चों की बनाई कलात्मक वस्तुओं को भी जगह दी गई।

विद्यालय के अध्यक्ष ऋषिपाल चौहान ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि बच्चों में संस्कार, आत्मविश्वास और रचनात्मकता विकसित करना भी है। प्रधानाचार्या डॉ. नरजीत कौर ने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों को जीवन-मूल्यों और भारतीय संस्कृति से जोड़ते हैं। कार्यक्रम में विद्यालय की उपाध्यक्ष चंद्रलता चौहान, एकेडमिक हेड मुक्ता सचदेव सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।