Faridabad/Alive News: पुलिस ने अवैध शराब बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस चौकी संजय कॉलोनी की टीम द्वारा की गई।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, 26 जनवरी 2026 को पुलिस टीम को गुप्त सूचना मिली कि बलवंत कॉलोनी इलाके में एक व्यक्ति अवैध रूप से शराब बेच रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मौके से आरोपी अरुण सैनी, निवासी गांव मोहताबाद पावटा, फरीदाबाद को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 8 बोतल, 27 अध्धे, 52 पव्वे अंग्रेजी शराब और 66 पव्वे देसी शराब बरामद की गई।
इस मामले में थाना मुजेसर में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
फरीदाबाद पुलिस ने कहा है कि अवैध शराब तस्करी के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

