June 6, 2026

हरियाणा में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल खत्म, सरकार ने मानी कई बड़ी मांगें

Faridabad/Alive News: हरियाणा सरकार और सफाई कर्मचारियों के बीच हुई बातचीत के बाद पिछले 13 दिनों से चल रही हड़ताल समाप्त हो गई है। शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल की मौजूदगी में हुई बैठक में कर्मचारियों की कई प्रमुख मांगों पर सहमति बनी, जिसके बाद कर्मचारियों ने हड़ताल वापस लेने का फैसला लिया।

हरियाणा निवास में हुई बैठक में मुख्यमंत्री के मुख्य प्रधान सचिव राजेश खुल्लर, प्रधान सचिव अरुण गुप्ता और कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधि शामिल रहे। बैठक में सरकार ने सफाई कर्मचारियों के हित में कई बड़े फैसले लिए।

सरकार के अनुसार ठेके पर काम करने वाले सफाई कर्मचारियों का न्यूनतम वेतन बढ़ाकर 15,220 रुपये किया जाएगा। कर्मचारियों को ईएसआई और ईपीएफ की सुविधा मिलेगी और वेतन सीधे बैंक खाते में भेजा जाएगा। किसी तरह की गड़बड़ी मिलने पर ठेकेदार का लाइसेंस रद्द करने की कार्रवाई भी होगी।

इसके अलावा कर्मचारियों को तेल और साबुन जैसी जरूरी सुविधाएं दी जाएंगी। फरीदाबाद के 111 कर्मचारियों सहित अन्य कर्मचारियों को नियमित करने पर भी सहमति बनी है। युक्तिकरण के तहत 4 से 4.5 हजार नए पद बनाए जाएंगे, जिससे बड़ी संख्या में कर्मचारियों को फायदा मिलेगा।

सरकार ने मृत्यु सहायता राशि को 3 लाख रुपये से बढ़ाकर 5 लाख रुपये करने का फैसला लिया है। साथ ही आश्रितों के लिए 25 साल की आयु सीमा की शर्त भी हटाई जाएगी।

ऑनलाइन ट्रांसफर पॉलिसी में राहत देने और कुछ भर्ती पद वापस लेकर पालिकाओं में काम कर रहे रोल कर्मचारियों को नियमित करने का निर्णय भी लिया गया है। इससे करीब 13 हजार कर्मचारियों को लाभ मिलने की संभावना है।

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि सरकार सफाई कर्मचारियों के हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और जनहित में लगातार काम कर रही है।