November 28, 2026

भेदभाव मिटाने और समानता का संदेश लेकर फरीदाबाद पहुंची समरसता संकल्प यात्रा

Faridabad/Alive News: संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज के 650वें प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में निकाली जा रही समरसता संकल्प यात्रा का फरीदाबाद पहुंचने पर स्वागत किया गया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि गुरु रविदास जी ने समाज को समानता, भाईचारे और मानवता का संदेश दिया था। उनकी शिक्षाएं आज भी जातिगत भेदभाव और ऊंच-नीच को समाप्त करने की प्रेरणा देती हैं। हरियाणा विधानसभा ने गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश पर्व को पूरे वर्ष राज्य स्तर पर मनाने का संकल्प लिया है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि कुरुक्षेत्र के उमरी में 5 एकड़ जमीन पर 124 करोड़ रुपये की लागत से गुरु रविदास धाम बनाया जा रहा है। यह आने वाली पीढ़ियों के लिए सामाजिक समानता और समरसता का केंद्र बनेगा। उन्होंने कहा कि गुरु रविदास जी ने श्रम को सम्मान दिया और अपने कर्म को कभी नहीं छोड़ा। मजदूरों का सम्मान करना ही उनके विचारों का सच्चा सम्मान है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि समरसता संकल्प यात्रा 16 दिनों में 47 शहरों से होते हुए 2,402 किलोमीटर का सफर तय कर 3 दिसंबर को वाराणसी स्थित गुरु रविदास जी की जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर पहुंचेगी। फरीदाबाद के बाद यात्रा पलवल और होडल होते हुए उत्तर प्रदेश जाएगी।

कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना ही गुरु रविदास जी की शिक्षाओं का सम्मान है। वहीं, कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि गुरु रविदास जी का समानता और भाईचारे का संदेश आज भी प्रासंगिक है। उन्होंने लोगों से इन विचारों को जीवन में अपनाने की अपील की।