Faridabad/Alive News: मोहना मार्ग को चार लेन बनाने में घटिया निर्माण सामग्री लगाई गई है। निर्माण सामग्री के लिए गए दो जगह से नमूने फेल बताए गए हैं। मार्ग को चार लेन बनाने वाला ठेकेदार अधिकारियों से मिली भगत करके हरियाणा राज्य सड़क एवं पुल निर्माण निगम (एचएसआरडीसी) से 50 करोड़ रुपए का भुगतान लेकर जा चुका है। अब विभाग के हाथ खाली हैं और ठेकेदार का चाह कर भी कुछ नहीं कर सकता। स्थानीय लोग इस घोटाले की जांच करने की मांग कर रहे हैं।
मोहना रोड को चंदावली गांव से लेकर केजीपी तक 62 करोड़ रुपये की लागत से चार लेन बनाया जा रहा है। सड़क का निर्माण कार्य दिसंबर-2022 से चल रहा है। अभी तक अटाली गांव में मार्ग का निर्माण नहीं किया गया है। क्योंकि अटाली गांव में लोक निर्माण विभाग के पास अपनी भूमि नहीं है। जहां पर रास्ता बना हुआ है, वह कई जगह पर ग्रामीण की भूमि बताई गई है। कई जगह पर सड़क की भूमि में ग्रामीणों के मकान बने हुए हैं।
यहां पर न तो ग्रामीण अपने मकानों को तोड़ कर पीडब्ल्यूडी की भूमि को छोड़ने के लिए तैयार है न ही सड़क को बनाने के लिए भूमि देने को तैयार हैँ। चंदावली में भी मार्ग की कुछ ऐसी ही स्थिति है। छांयसा गांव के पास एक फैक्ट्री प्रबंधन ने सड़क की निर्माण सामग्री को लेकर दो जगह से नमूने भरवाए और इनकी जांच गुरुग्राम लैब में कराई है। यह नमूने फेल हो गए हैं। इन नमूनों के बारे में कंपनी प्रबंधन ने एचएसआरडीसी के अधिकारियों से शिकायत की है।

